दीप स्तंभ पर आज जलेंगे पवित्र दीप : सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भड़का विपक्ष कांग्रेस-एमडीएमके ने फैसले पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के नए निर्देश के बाद तमिलनाडु के मदुरै जिले में तिरुप्परनकुंद्रम मुरुगन मंदिर की पहाड़ी पर स्थित दीपाथून (दीप स्तंभ) पर शनिवार को पवित्र दीप जलाया जाएगा। यह ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान शनिवार शाम करीब 6 बजे आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। हालंाकि मंदिर में दीप जलने पहले सियासत गरमा गई है। विपक्षी दल सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भड़क गए हैं।
एमडीएमके महासचिव वाइको ने शीर्ष अदालत के फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि न्यायपालिका ने इस मामले में अपनी संवैधानिक सीमा से आगे जाकर आदेश दिया है। वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस ने भी फैसले को लेकर चिंता जाहिर की है।
कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उठाए सवाल
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सवाल उठाया। मणिकम टैगोर एक्स पर एक पोस्ट में कहा, सुप्रीम कोर्ट को अपने आदेश पर पुनर्विचार करना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं और पूजा के अधिकारों का सम्मान करना, विभिन्न समुदायों के बीच सद्भाव बनाए रखना और तमिलनाडु के शांतिपूर्ण सामाजिक माहौल की रक्षा करना, हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने संघीय सिद्धांतों, धार्मिक सद्भाव और न्यायपालिका, राज्य सरकार तथा मंदिर प्रशासन की अपनी-अपनी भूमिकाओं को लेकर चिंता जताई।
वाइको बोले- धर्मनिरपेक्षता संविधान की बुनियाद
एमडीएमके महासचिव वाइको ने कहा कि तिरुपरनकुंद्रम में सदियों से चली आ रही परंपरा को सुप्रीम कोर्ट के फैसले से प्रभावित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान की बुनियाद धर्मनिरपेक्षता है और किसी भी फैसले में इस मूल भावना का ध्यान रखा जाना चाहिए।
वाइको ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में सुप्रीम कोर्ट में हिंदुत्व की ताकतों का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दीपम जलाने के मामले में शीर्ष अदालत ने अपनी सीमा से आगे जाकर आदेश दिया है। उनके इस बयान के बाद धार्मिक परंपराओं और न्यायिक अधिकार क्षेत्र को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।
संसद में सांसदों की संख्या बढ़ाने का भी किया विरोध
वाइको ने आगामी संसद सत्र को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में संसद के दोनों सदनों में सदस्यों की कुल संख्या नहीं बढ़ाई जानी चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसा कदम देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए उचित नहीं होगा। इस तरह वाइको ने धार्मिक विवाद के साथ संसदीय प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर भी अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट की।
कांग्रेस ने धार्मिक सौहार्द को लेकर जताई चिंता
इस मामले में तमिलनाडु कांग्रेस ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चिंता व्यक्त की है। पार्टी का कहना है कि धार्मिक मान्यताओं और पूजा के अधिकार का सम्मान करने के साथ विभिन्न समुदायों के बीच शांति और सद्भाव बनाए रखना भी जरूरी है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
