पुणे को मिली मेट्रो पिंक लाइन की सौगात, : पीएम मोदी बोले- शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 12 वर्षों की उपलब्धियों का भी किया जिक्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने मंगलवार को पुणे में मेट्रो पिंक लाईन का शुभारंभ किया। पीएम मोदी कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। मान-हिंजवड़ी से शिवाजीनगर तक जाने वाली इस मेट्रों लाइन से नौकरीपेशा लोगों की आवाजाही आसान होगी। वहीं वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तक और बढ़ जाती हैं, जब जीवन में कोई नई सुविधा जुड़ती है। पुणे के लोगों के लिए आज ऐसा ही सुखद अवसर है। मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान होगा।
हिंजवड़ी से शिवाजी नगर तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि करीब 10 साल पहले उन्हें पुणे मेट्रो के पहले चरण के काम का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। अब हिंजवड़ी से शिवाजी नगर के बीच मेट्रो शुरू होने से शहर के बड़े आईटी हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई मेट्रो लाइन से पुणे के पुराने और नए इलाकों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़े लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
मेट्रो से बढ़ेगी शहर की उत्पादकता
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान अब सिर्फ उसके उद्योगों या खान-पान से नहीं होती, बल्कि उसकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और ईज ऑफ लिविंग से भी होती है। मेट्रो जैसी सुविधाएं इन दोनों पहलुओं को बेहतर बनाती हैं। उन्होंने कहा कि जब शहर के लोगों का समय बचता है, तो उनकी उत्पादकता बढ़ती है। इससे देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और गरीब तथा मध्यम वर्ग दोनों को फायदा पहुंचता है।
12 साल में देश का मेट्रो नेटवर्क तेजी से बढ़ा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2014 तक देश के सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध थीं। लेकिन बीते 12 वर्षों में मेट्रो परिवहन का तेजी से विस्तार हुआ है। पीएम मोदी के मुताबिक, आज देश में रोजाना एक करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से यात्रा कर रहे हैं। भारतीय मेट्रो नेटवर्क दुनिया के शीर्ष तीन मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो चुका है।
विकसित भारत के निर्माण में शहरों की अहम भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में देश के शहरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार सड़कों, हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, सुरंगों और पुलों के निर्माण के साथ आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि पुणे जैसे शहरों में बेहतर कनेक्टिविटी न केवल लोगों की जिंदगी आसान बनाएगी, बल्कि रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर पुणे और महाराष्ट्र के सभी नागरिकों को बधाई दी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
