सही फैसलों ने भारत को बचाया ऊर्जा संकट से : राजस्थान से पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- अफवाह फैलाने वालों को मिला मुंहतोड़ जवाब

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार राजस्थान के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह पेट्रोकेमिकल परिसर को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान, पीएम मोदी ने वर्चुअल तरीके से जयपुर मेट्रो फेज-2 प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। इस दौरान पीएम ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अफवाह फैलाने वालों पर देश की इच्छाशक्ति भारी पड़ गई।
पीएम मोदी ने वैश्विक ऊर्जा संकट और भारत की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पूरी दुनिया ऊर्जा संकट से जूझ रही है, लेकिन भारत ने समय रहते सही निर्णय, प्रभावी रणनीति और मजबूत कूटनीतिक प्रयासों के दम पर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ ताकतें केवल अफवाह और आशंका फैलाने में लगी थीं, जबकि सरकार दिन-रात हालात संभालने में जुटी थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी रसोई गैस की बड़ी जरूरत आयात से पूरी करता है और इसका अधिकांश हिस्सा खाड़ी देशों से आता है। युद्ध के कारण आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा पैदा हुआ, लेकिन सरकार ने समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर संकट को बढ़ने नहीं दिया।
रिफाइनरियों की क्षमता बढ़ाई, गैस उत्पादन में हुआ बड़ा इजाफा
प्रधानमंत्री ने बताया कि संकट की शुरुआत होते ही रिफाइनरियों को घरेलू गैस उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिन संयंत्रों में पहले रसोई गैस का उत्पादन नहीं होता था, वहां भी आवश्यक बदलाव किए गए। इसके परिणामस्वरूप देश में प्रतिदिन गैस उत्पादन लगभग 35 हजार मीट्रिक टन से बढ़कर 54 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल उत्पादन बढ़ाने पर ही ध्यान नहीं दिया, बल्कि रसोई गैस पर दबाव कम करने के लिए पाइप से गैस आपूर्ति का विस्तार भी किया। कम समय में लाखों नए घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हुई।
महंगाई नहीं बढ़ने दी, विकास परियोजनाओं की भी दी सौगात
प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए जाते तो घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत दो हजार रुपये तक पहुंच सकती थी। लेकिन सरकार ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि आज भी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत नियंत्रित है और गरीब परिवारों को रियायती दर पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। हाल ही में वाणिज्यिक गैस की कीमतों में भी कमी की गई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
