गुरुवार, 8 अक्टूबर 202610:36:18 PM
Download App
Home/देश

एसआईआर के खिलाफ पटना में सियासी संग्राम : बैरिकेड पर चढ़े तेजस्वी, ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 08, 2026
08:00 AM
बैरिकेड पर चढ़े तेजस्वी, ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा

पटना। बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन ने गुरुवार को पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी और वामपंथी दलों के नेता तथा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। खास बात यह रही कि पिछले दिनों में दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान जिस तरह से राहुल गांधी बैरिकेड के ऊपर चढ़ते दिखाई दिए थे। वैसा ही रूप तेजस्वी यादव का भी देखने को मिला। वे भी बैरिकेड पर चढ़ गए।

शहीद स्मारक से शुरू हुआ मार्च

महागठबंधन का मार्च पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार शहीद स्मारक से शुरू हुआ और लोकभवन तथा सप्तमूर्ति की ओर बढ़ा। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों का समाधान और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से प्रभावित हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर महागठबंधन लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।

तेजस्वी यादव ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने भाजपा के दबाव मे एसआईआर के बहाने वोट चोरी की। विपक्ष की ओर से वोट चोरी का मुद्दा उठाए जाने के बावजूद इसे रोकने का प्रयास नहीं किया गया।

दो बैरिकेडिंग पार, तीसरे पर रोका

मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारी दो बैरिकेडिंग पार करने में सफल रहे, लेकिन तीसरी बैरिकेडिंग पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तेजस्वी यादव भी बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे निकल गए। इसके बाद उन्हें और प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य नेताओं को पुलिस वाहन में बैठाया गया।

राज्यपाल से मिलने की अनुमति

पुलिस के अनुसार, महागठबंधन के प्रतिनिधिमंडल को राज्यपाल से मिलने की अनुमति दी गई है। इसके लिए नेताओं को पुलिस की व्यवस्था के तहत राजभवन ले जाया गया। महागठबंधन नेताओं का कहना है कि वे राज्यपाल के सामने विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े अपने सवाल रखेंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें