ग्लोबल मार्केट में बिकवाली : कम हुए कीमती धातुओं के भाव, चांदी 11,644 हुई सस्ती, सोने की भी चमक पड़ी फीकी

मुंबई। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मजबूत होते डॉलर और वैश्विक बाजारों में बिकवाली के दबाव के चलते कीमती धातुओं में भारी कमजोरी देखने को मिली। इसका असर भारतीय वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी साफ दिखाई दिया, जहां चांदी में 11 हजार रुपए से अधिक की गिरावट दर्ज हुई।
एमसीएक्स पर चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 2,91,102 रुपए के मुकाबले करीब 11,102 रुपए टूटकर 2,80,000 रुपए पर खुला। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,79,458 रुपए का निचला स्तर छुआ, जो पिछली क्लोजिंग से लगभग 11,644 रुपए कम रहा। सुबह के कारोबार में चांदी करीब 8,500 रुपए की गिरावट के साथ 2,82,539 रुपए प्रति किलो पर कारोबार करती दिखाई दी।
सोने की चमक भी पड़ी फीकी
चांदी के साथ-साथ सोने में भी कमजोरी बनी रही। एमसीएक्स पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,61,978 रुपए के पिछले बंद भाव के मुकाबले 1,188 रुपए गिरकर 1,60,790 रुपए पर खुला। कारोबार के दौरान सोना 1,60,355 रुपए तक फिसल गया। बाद में इसमें मामूली सुधार जरूर दिखा, लेकिन कीमतें दबाव में ही रहीं।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी दबाव में हैं। वैश्विक बाजार में सोना करीब 1.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,615 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी में 4 प्रतिशत से अधिक की कमजोरी दर्ज हुई।
डॉलर इंडेक्स बना गिरावट की बड़ी वजह
जानकारों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर में मजबूती की वजह से निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर डॉलर की ओर आकर्षित हो रहे हैं। डॉलर इंडेक्स बढ़कर 98.955 के स्तर पर पहुंच गया है, जो पिछले पांच सप्ताह का उच्चतम स्तर माना जा रहा है।
विश्लेषकों के मुताबिक, मजबूत डॉलर के कारण सोना-चांदी की मांग कमजोर हुई है। हालांकि आम उपभोक्ताओं और ज्वेलरी खरीदारों के लिए यह गिरावट राहत भरी साबित हो सकती है, क्योंकि शादी और त्योहारों के मौसम से पहले खरीदारी अपेक्षाकृत सस्ती हो सकती है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
