छात्रों की गूंज कार्यक्रम से घबराई सरकार : प्रियंका का तीखा हमला, वेणुगोपाल के निशाने पर आए शाह, कांग्रेस ने भागवत के बयान पर भी घेरा

नई दिल्ली। संसद के मानूसन सत्र में पक्ष-विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है। यही नहीं अब तक कार्यवाही शोर-शराबे की भेंट चढ़ चुकी है। इन सबके बीच शुक्रवार को कांग्रेस प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कई नेताओं ने संसद से लेकर शिक्षा और छात्रों के मुद्दे पर सरकार व आरएसएस को घेरा। साथ कांग्रेस नेताओं ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान को लेकर भी संघ और सरकार पर तीखा हमला बोला। वहीं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सदन में बयान देने की मांग की।
प्रियंका गांधी बोलीं- सरकार छात्रों से डर रही है
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने प्रयागराज में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस आयोजन से घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कार्यक्रमों के साथ लगातार भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जाता है। गृह मंत्री के संसद में नहीं आने पर उन्होंने कहा कि यदि सरकार से कोई गलती हुई है तो उसे सदन में आकर जवाब देना चाहिए।
गृह मंत्री की मौजूदगी पर कांग्रेस के सवाल
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि गृह मंत्री संसद में मौजूद नहीं हैं, जबकि छात्रों पर कार्रवाई जैसे गंभीर मुद्दे पर देश जवाब चाहता है। उन्होंने मांग की कि अमित शाह सदन में आकर स्पष्ट करें कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया। कांग्रेस ने इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से भी सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।
मोहन भागवत के बयान पर भी घेरा
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के जेन जी को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा कि संघ इस समय रक्षात्मक स्थिति में है। उनका आरोप था कि पिछले 12 वर्षों में आरएसएस ने शिक्षा संस्थानों में अपना प्रभाव बढ़ाया है और अब उसी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि संघ अब बचाव की मुद्रा में दिखाई दे रहा है।
शिक्षा और रोजगार को लेकर सरकार पर निशाना
कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा कि यदि मोहन भागवत के पास शिक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव हैं तो उन्हें केंद्र सरकार को देने चाहिए, क्योंकि लंबे समय से वही सत्ता में है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है, सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं और पढ़ाई पूरी करने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। वहीं, सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संसद में जवाब देना ही होगा और कांग्रेस इस मांग को लगातार उठाती रहेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
