भाजपाइयों ने चुरा ली भगवान राम की खड़ाऊं तक : चंदा चोरी पर बरसे राउत, बागियों पर भी साधा निशाना

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राम मंदिर चंदा और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भगवान राम के आशीर्वाद से सत्ता में आई है, लेकिन अब भगवान राम के श्राप से ही सत्ता से बाहर होगी।
प्रेसवार्ता के दौरान संजय राउत ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक महत्वपूर्ण बात कही है। उन्होंने कहा कि जब भगवान राम वनवास पर गए थे, तब भरत ने उनकी खड़ाऊं की रक्षा की थी, लेकिन भाजपा के लोगों ने तो भगवान राम की खड़ाऊं तक चुरा ली। ाउत ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भगवान राम का अस्तित्व ही कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर ट्रस्ट में करीब 500 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है और मंदिर में चढ़ाए गए सोने, चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं को गायब कर दिया गया है।
बागी सांसदों पर भी साधा निशाना
संजय राउत ने अपनी पार्टी छोड़ने वाले नेताओं और सांसदों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने लोकसभा सांसद ओमराजे निंबालकर को कुख्यात गद्दार बताते हुए कहा कि दलबदल करने वालों की कोई विचारधारा नहीं होती, वे केवल स्वार्थ की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने वाले नेता अब उन्हीं लोगों के साथ बैठे हैं, जिन पर कभी गंभीर आरोप लगाया करते थे। यह राजनीतिक बेशर्मी और लालच की पराकाष्ठा है।
महाराष्ट्र की राजनीति पर बड़ा दावा
राउत ने दावा किया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का इस्तेमाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवसेना को तोड़ना महाराष्ट्र की राजनीतिक आत्मा को कमजोर करने जैसा है। साथ ही उन्होंने कहा कि विकास केवल चीनी मिलें लगाने से नहीं होता, बल्कि सामूहिक प्रयासों और जनहितकारी योजनाओं से होता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
