शुक्रवार, 20 नवंबर 202608:48:04 PM
Download App
Home/देश

राजस्थान पंचायत चुनाव में भाजपा को झटके पर झटका : सीएम के गढ़ में आरएलपी ने लगाई सेंध, झोटवाड़ा में कांग्रेस का परचम, मंत्री का परिवार भी हारा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 20, 2026
09:51 AM
सीएम के गढ़ में आरएलपी ने लगाई सेंध, झोटवाड़ा में कांग्रेस का परचम, मंत्री का परिवार भी हारा

जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजों ने सियासी गलियारे में हलचल मचा दी है। दरअसल नतीजे प्रदेश भाजपा को बड़ा झटका देने ले वाले हैं। एक ओर जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने मजबूत प्रदर्शन किया है और कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के क्षेत्र झोटवाड़ा में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को इस चुनाव में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है।

मंत्री खर्रा की पत्नी शांति देवी और दोनों बेटे चुनाव हार गए। खास बात यह है कि पत्नी और एक बेटा भाजपा के टिकट पर मैदान में थे, जबकि बड़े बेटे ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। पंचायत चुनाव के इन नतीजों ने प्रदेश की सियातस में हलचल मचा दी है।

सांगानेर में आरएलपी का मजबूत प्रदर्शन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में पंचायत समिति चुनाव में आरएलपी ने शुरुआती नतीजों में सात सीटें जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। भाजपा और कांग्रेस को दो-दो सीटें मिली हैं। मुख्यमंत्री के क्षेत्र में आरएलपी का यह प्रदर्शन खासा चर्चा में है।

झोटवाड़ा में कांग्रेस ने बनाई बढ़त

कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के क्षेत्र झोटवाड़ा में भी कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। उपलब्ध नतीजों के अनुसार कांग्रेस सात सीटें जीत चुकी है, जबकि आरएलपी को दो, अन्य को दो और भाजपा को एक सीट मिली है। मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है।

सीकर जिले में कांग्रेस का दमदार प्रदर्शन

सीकर जिले के श्रीमाधोपुर निर्वाचन क्षेत्र में भी कांग्रेस ने पंचायत चुनाव में मजबूत प्रदर्शन किया है। श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़, दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का कब्जा तय माना जा रहा है। ऐसे में दोनों जगह कांग्रेस के प्रधान बनने का रास्ता साफ नजर आ रहा है।

पत्नी शांति देवी 51 वोट से हारीं

अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी चुनाव मैदान में थीं। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं शांति देवी को हार का सामना करना पड़ा. कांग्रेस प्रत्याशी ने उन्हें 51 वोटों से शिकस्त दी। यह सीट मंत्री परिवार के लिए प्रतिष्ठा का सवाल मानी जा रही थी, लेकिन नतीजा उनके पक्ष में नहीं आया।

भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़े दोनों बेटे भी हारे

मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 19 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे। उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा. वहीं, मंत्री के दूसरे बेटे अजय सिंह खर्रा भाजपा के टिकट पर श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 20 से मैदान में थे। इस सीट पर कांग्रेस के भैरूलाल वर्मा ने अजय सिंह खर्रा को 60 वोटों से हरा दिया।

दिग्गज नेताओं के परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर

पंचायत चुनाव में कई बड़े नेताओं के परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। बूंदी में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के बेटे मनीष सैनी, चूरू में भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी पुत्रवधू कनिका सिंह चुनाव मैदान में हैं।

चूरू में मतगणना के दौरान पराक्रम सिंह और कनिका सिंह ने बढ़त बनाई हुई थी। वहीं, बीकानेर में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चैहान भी चुनावी मुकाबले में शामिल हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें