देवास में शराब माफिया का खूनी खेल : टीआई को ट्रक से कुचलने पर सारंग ने कांग्रेस को घेरा, जीतू पटवारी से मांगा जवाब

भोपाल। मध्य प्रदेश में शराब माफियाओं के हौसले बुलंद है। इतना ही नहीं देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने गए थाना प्रभारी (टीआई) को ट्रक ने कुचल दिया। जहां उनकी मौके पर मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद जहां पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने इस मामले को लेकर कांग्रेस को अपने निशाने पर ले लिया है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि टिमरनी की जिस शराब दुकान से मामले के तार जुड़ रहे हैं, उसमें दोनों की साझेदारी है। मंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की है। मंत्री सारंग ने दावा किया है कि राहुल जायसवाल खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रभारी हैं और जीतू पटवारी के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि शराब दुकान के मैनेजर भूपेंद्र राणा ने पुलिस को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।
आनंद कासलीवाल के बेटे का भी किया जिक्र
सारंग ने देवास के पहले सामने आए कथित अवैध शराब प्रकरण का उल्लेख करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे अमन कासलीवाल की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया। पुलिस के अनुसार, अमन पर मुख्य आरोपी को केमिकल सप्लाई करने का आरोप है। वहीं, अमन के परिवार ने उसे निर्दोष बताते हुए व्यावसायिक लेन-देन की बात कही।
जीतू पटवारी से मांगा जवाब
विश्वास सारंग ने कहा कि पूरे मामले की जांच डीजी उपेंद्र जैन कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से मौन तोड़ने और पार्टी नेताओं के नाम कथित अवैध शराब मामलों में सामने आने पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
