सोमवार, 9 नवंबर 202604:13:50 PM
Download App
Home/देश

अयोध्या में दीपोत्सव पर आस्था और संस्कृति का अद्भुत सं : सरयू के 56 घाटों पर उतरा स्वर्णिम उजाला, 36 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी

admin

admin

Nov 08, 2026
02:34 AM
सरयू के 56 घाटों पर उतरा स्वर्णिम उजाला, 36 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी

लखनऊ। सरयू की लहरों पर झिलमिलाते दीप, मंदिरों से लेकर गलियों तक बिखरी रोशनी और वातावरण में गूंजते प्रभु श्रीराम के जयकारे। शनिवार को अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर ऐसा दृश्य साकार हुआ, जिसने पूरी रामनगरी को उत्सव के रंग में रंग दिया। दसवें दीपोत्सव के तहत सरयू नदी के किनारे स्थित 56 घाटों पर 36 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक प्रज्वलित किए गए। सूर्यास्त के साथ ही दीपों की कतारों ने अयोध्या को रोशनी के विशाल उत्सव में बदल दिया। इस आयोजन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचे। विदेशी पर्यटकों ने भी इस भव्य दृश्य को अपने कैमरों में कैद किया।

सरयू तट पर दीपों की कतारों से बना अद्भुत दृश्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार दसवें वर्ष दीपोत्सव का आयोजन किया गया। राम की पैड़ी सहित सभी 56 घाटों पर एक साथ दीप जलाए गए। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलित कर उत्सव में सहभागिता की। दीपों की रोशनी से सरयू का तट जगमगा उठा। घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच जय श्रीराम के उद्घोष लगातार गूंजते रहे।

CM योगी के आग्रह पर अयोध्या के घरों, मठ-मंदिरों, आश्रमों, चौराहों और सरकारी भवनों में दीप जलाए गए. (Photo: ITG)

राम दरबार की आरती और प्रतीकात्मक राज्याभिषेक

दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान और ऋषि-मुनियों की आरती की। इसके बाद संतों और मंत्रियों की मौजूदगी में भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी को तिलक लगाकर और पुष्पमालाएं पहनाकर धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन किया।

पुष्पक विमान से आगमन, हेलीकॉप्टर से बरसे फूल

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की भूमिका निभा रहे कलाकारों का आगमन रहा। विमान से उतरते ही आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कलाकारों के रथ को खींचकर उनका स्वागत किया। इस दृश्य को देखकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

घरों से मंदिरों तक दीपों से सजी रामनगरी

दीपोत्सव को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के लिए अयोध्या के घरों, मठों, मंदिरों, आश्रमों और सरकारी भवनों में भी दीप जलाए गए। मुख्य मार्गों, गलियों और धार्मिक स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। नगरवासियों ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। देर शाम तक रामनगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण भक्ति, उल्लास तथा उत्सव की रोशनी से सराबोर नजर आया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें