दिवाली से पहले गुलजार शेयर बाजार : सेंसेक्स ने लगाई लंबी छलांग, खिले निवेशकों के चेहरे, निफ्टी भी उछला

मुंबई। दिवाली से पहले भारतीय शेयर बाजार में हरियाली लौट आई है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 900 अंकों छलांग गलाई। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 169.20 अंक की बढ़त के साथ खुला। धनतेरस और दीपावली से पहले बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों का उत्साह बढ़ गया।
सेंसेक्स ने 718 अंकों की बढ़त के साथ की शुरुआत
कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 74,459.53 के मुकाबले 75,178.24 पर खुला। इस तरह सेंसेक्स ने शुरुआती कारोबार में 718.71 अंकों यानी 0.96 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज की। इसके बाद तेजी का सिलसिला आगे बढ़ा और सूचकांक करीब 900 अंकों तक उछल गया।
निफ्टी में भी दिखी जोरदार तेजी
दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी 50 ने भी मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी अपने पिछले बंद स्तर 23,053.10 के मुकाबले 169.20 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,222.30 पर खुला। शुरुआती कारोबार में इसमें भी एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिली।
निवेशकों की बाजार पर टिकी नजरें
दिवाली से पहले बाजार में आई इस तेजी ने निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल बना दिया है। हालांकि, आगे बाजार की दिशा काफी हद तक अमेरिका-ईरान बातचीत के नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर निर्भर करेगी। फिलहाल बाजार की मजबूती ने निवेशकों को राहत जरूर दी है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को मिला सहारा
शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को माना जा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सफल होने की उम्मीदों ने वैश्विक बाजारों का माहौल सकारात्मक बनाया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव देखने को मिला।
भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से देश के आयात बिल, महंगाई और चालू खाते के घाटे पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद रहती है। इसी संभावना ने भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी को बढ़ावा दिया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
