सत्य निकेतन हादसे ने 7 को निगला : दिल्ली सरकार ने जिम्मेदारों पर गिराई गाज, मौतों के गुनहगार की तलाश में जुटी 10 टीमें, हरियाणा-यूपी तक दबिश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढहने की घटना ने राजधानी को झकझोर दिया है। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे इमारत के कथित मालिक हरिराम बंसल की तलाश में दिल्ली पुलिस ने 10 टीमें गठित की हैं। प्रत्येक टीम की कमान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
30 साल पुरानी इमारत ने ली सात जानें
बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास संकरी गली में स्थित करीब 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत रविवार को अचानक भरभरा कर गिर गई थी। इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के छात्रावास के रूप में किया जा रहा था। हादसे में जहां अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई घायल है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मलबे में दबे लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान जारी है।
एमसीडी के पांच अधिकारी निलंबित
हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने लापरवाही के आरोपों के बीच एमसीडी के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रणवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता ललित कुमार गोयल, सहायक अभियंता सुनील चैहान और कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार शामिल हैं। वहीं अब पुलिस की नजर फरार कथित मालिक पर है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि जर्जर इमारत में छात्रावास का संचालन कैसे हो रहा था और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी कहां तक थी।
तीन राज्यों में तलाश, दुकान पर भी पहुंची पुलिस
पुलिस की टीमें हरिराम को पकड़ने के लिए दिल्ली के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। गुरुग्राम के सेक्टर-23 स्थित उसकी हार्डवेयर दुकान पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा मिला। हादसे के बाद से हरिराम के फरार होने की बात सामने आई है। पड़ोसी एसके शर्मा के मुताबिक हरिराम कई वर्षों से गुरुग्राम में रह रहा था और उसकी हार्डवेयर की दुकान है। उन्होंने बताया कि इलाके में उसकी कई संपत्तियां भी हैं। हालांकि, सत्य निकेतन में उसके मकान या संपत्ति के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
