तीन साल बाद टूटा सत्ता का सपना : भावुक विदाई के साथ सिद्धारमैया ने छोड़ी सीएम की कुर्सी, कहा- आलाकमान के निर्देश पर छोड़ा पद

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा और भावुक मोड़ तब आया, जब सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लंबे समय से चल रही राजनीतिक खींचतान आखिरकार खत्म हो गई। लोकभवन पहुंचे सिद्धारमैया ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, गृह मंत्री जी परमेश्वर और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में अपना इस्तीफा राज्यपाल के सचिव को सौंप दिया।
इस्तीफे के बाद मीडिया से बात करते हुए सिद्धारमैया भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि जब भी पार्टी नेतृत्व कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। आज आलाकमान ने कहा, इसलिए मैंने अपना पद छोड़ दिया।”
जनता का जताया आभार, संघर्ष के दिनों को किया याद
मुख्यमंत्री पद छोड़ते समय सिद्धारमैया ने कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए उन्होंने विपक्ष के नेता के रूप में बिताए संघर्षपूर्ण दिनों का भी जिक्र किया।
सिद्धारमैया ने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन ने ही उन्हें यहां तक पहुंचाया। उनके चेहरे पर पद छोड़ने का दुख साफ दिखाई दे रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं, इसलिए इस्तीफा राज्यपाल के सचिव को सौंपा गया है। संविधान के अनुसार, राज्यपाल को उनका इस्तीफा स्वीकार करना चाहिए।
तीन साल तक चला सत्ता का संघर्ष
दरअसल, कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले तीन वर्षों से अंदरूनी संघर्ष चल रहा था। वर्ष 2023 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली थी।
उस समय कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया के अनुभव को प्राथमिकता देते हुए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया था, जबकि डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद देकर संतुष्ट किया गया। लेकिन राजनीतिक गलियारों में लगातार नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा बनी रही। आखिरकार अब आलाकमान के फैसले के बाद सिद्धारमैया ने कुर्सी छोड़ दी। उनके इस्तीफे के साथ ही कर्नाटक की राजनीति का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
