पीएम मोदी का बनासकांठा में मेगा रोड शो, : समर्थकों का जोश रहा हाई, गुजरात को देंगे 14 हजार करोड़ की सौगात भी

बनासकांठा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे हैं। वे बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर प्रदेश से 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने बनासकांठा में मेगा रोड शो किया। इस दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में उनके समर्थक खड़े दिखाई दिए। इस दौरान पूरा इलाका मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा।
इसके बाद उन्होंने भिलड़ी स्थित श्भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटरश् के पशु फार्म का दौरा किया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे। वहीं प्रधानमंत्री का 30 और 31 अक्टूबर का गुजरात दौरा विकास परियोजनाओं के लिहाज से बेहद अहम है।
कांकरेज गाय की नस्ल सुधारने में आएगी तेजी
दौरे का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम भिलड़ी में 127 एकड़ में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का राष्ट्र को समर्पण है। यह केंद्र पशु प्रजनन, नस्ल सुधार और आधुनिक तकनीकों के विकास के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में तैयार किया गया है।
यह कांकरेज गाय की नस्ल के संरक्षण और सुधार के लिए देश का अपनी तरह का पहला केंद्र होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इससे नस्ल सुधार की प्रक्रिया 10 से 20 गुना तक तेज होने की उम्मीद है। इससे दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय में सुधार करने में मदद मिलेगी।
गोबर से बनेगी ऊर्जा, डेयरी क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
पीएम मोदी बनास डेयरी के दो बायो-सीएनजी प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे। थराद और राधनपुर में बनने वाले इन प्लांट की क्षमता क्रमशः 75 और 100 मीट्रिक टन गोबर प्रतिदिन प्रसंस्करण की होगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ पशुपालकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
सड़क, मेट्रो और रेलवे को भी मिलेगी रफ्तार
प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी तक विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार से आठ लेन करने का काम भी एजेंडे में शामिल है। इसके अलावा 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों का विकास और कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 4,950 करोड़ रुपये की 521 पूर्ण परियोजनाओं को समर्पित किया जाएगा।
रेलवे क्षेत्र में अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
एकता नगर में भारत पर्व का उद्घाटन
बनासकांठा के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचेंगे। यहां वे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के तहत आयोजित श्एकता प्रकाश पर्वश् में शामिल होंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
