शुक्रवार, 30 अक्टूबर 202611:07:12 AM
Download App
Home/देश

किसानों को पीएम मोदी की बड़ी सौगात : सीएम मोहन बोले- अन्नदाताओं का सम्मान करती है डबल इंजन सरकार, कांग्रेस को लिया निशाने पर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 30, 2026
07:41 AM
सीएम मोहन बोले- अन्नदाताओं का सम्मान करती है डबल इंजन सरकार, कांग्रेस को लिया निशाने पर

उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस योजना का लाभ 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को मिला। किसानों के खातों में राशि अंतरित होने के बाद मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने पीएम मोदी की जमकर सराहना की है। वहीं कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।

सीएम मोहन ने उज्जैन में मीडिया से बात करते हुए कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नेतृत्व में किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। केंद्र सरकार की ओर से प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से 6 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस तरह किसानों को सालाना 12 हजार रुपये की सहायता मिल रही है।

किसान सम्मान निधि केवल सहायता नहीं, सम्मान का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का महत्व केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों के प्रति सम्मान, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। सरकार किसानों के परिश्रम और योगदान को महत्व दे रही है। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन भी किया।

कांग्रेस पर लगाए लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम करने के आरोप

डॉ. यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को बदनाम करने और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद सत्ता के लिए बेचैन है। मुख्यमंत्री ने भाजपा के पुराने राजनीतिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने लंबे समय तक विपक्ष में रहते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन किया था।

उज्जैन में विकास की नई तस्वीर, एलिवेटेड रोड से मिलेगी जाम से राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों का असर अब दिखाई देने लगा है। पहले किसानों को बिजली के लिए रातभर इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाओं में सुधार हुआ है। गांवों और दूरस्थ बस्तियों तक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं से भी लोगों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने उज्जैन में बन रहे एलिवेटेड रोड को विकास की नई सोच का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे आगर रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। व्यापारियों को सुविधा होगी और बड़े वाहन आसानी से आवागमन कर सकेंगे।

एलिवेटेड रोड को मंडी से जोड़ने का सुझाव

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को सुझाव दिया कि एलिवेटेड रोड से मंडी तक सीधे पहुंचने के लिए मार्ग बनाया जाए। इससे मंडी में आने-जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी और आसपास यातायात का दबाव भी कम होगा।

उज्जैन को फिर मिलेगी कनक श्रृंगा की पहचान

मुख्यमंत्री ने उज्जैन के प्राचीन नाम कनक श्रृंगा का उल्लेख करते हुए कहा कि कनक का अर्थ सोना है। यह नाम नगरी के प्राचीन वैभव और समृद्धि का प्रतीक रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाकाल की कृपा और जनता के सहयोग से उज्जैन एक बार फिर अपनी गौरवशाली पहचान हासिल करेगा। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वर्ष 2028 तक उज्जैन विकास, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें