खाद पर अफवाह, देश में अराजकता की साजिश : विपक्ष पर ऐसे बरसे पीएम मोदी, बनासकांठा में गिनाई अपने सरकार की उपलब्धियां

बनासकांठा (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने शुक्रवार को बनासकांठा में 14 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने जहां कृषि, पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर प्रहार भी किया। इतना ही नहीं, पीएम ने गंभीर आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया कि कुछ लोगों का प्लान देश में अफरातफरी फैलाना था ताकि मोदी को बदनाम कर सकें।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि आज देश का हर किसान, हर नौजवान विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, लेकिन दुर्भाग्य से कुछ लोगों को यह अच्छा नहीं लग रहा। ये ऐसे लोग हैं जो देश को मुश्किल में देखना चाहते हैं। इनका प्लान देश में अफरातफरी फैलाने का था ताकि ये मोदी को बदनाम कर सकें।
अफवाह फैलाकर डराया किसानों को
इसका ताजा उदाहरण ईरान और खाड़ी देशों के आसपास चल रहा तनाव है। जब भारत एकजुट होकर इसका सामना करने में जुटा है, तब ये लोग अफवाहें फैलाने में लगे रहे। अफवाहें फैलाई गईं, किसानों को खाद के लिए डराया गया। इनका प्लान देश में अफरातफरी फैलाने का था ताकि मोदी को बदनाम कर सकें।
किसानों के नहीं होने दी खाद की कमी
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आज भी चल रही है, लेकिन हमने किसानों के लिए खाद की कमी नहीं होने दी। इस युद्ध के कारण दुनिया में फर्टिलाइजर की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं। दुनिया में यूरिया की जो बोरी 3,000 रुपये में मिलती है, वही बोरी भारत के किसानों को 300 रुपये से कम में मिल रही है। डीएपी खाद की कीमत दुनिया में 5,000 रुपये से ऊपर पहुंच गई है, लेकिन भारत के किसानों को वही बोरी 1,350 रुपये में मिल रही है। देश यह मदद इसलिए कर रहा है ताकि हमारा किसान सशक्त हो। अनिश्चितता से भरी दुनिया में भारत का तेज गति से विकास पूरी दुनिया के लिए नई उम्मीद है। ऐसे में एक भारत, श्रेष्ठ
पशुपालन में विज्ञान और आधुनिक तकनीक से बढ़ेगा दूध उत्पादन
पीएम मोदी ने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार ने पशुपालन में वैज्ञानिक पद्धतियों को बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री ने पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर सरकार की पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि देशभर में मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाया गया है। अब तक पशुओं को 150 करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं और 8 करोड़ से ज्यादा किसानों के पशुओं को इसका लाभ मिला है। इससे पशुपालकों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हुआ है।
दूध उत्पादन में भारत दुनिया में नंबर वन
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम दुग्ध उत्पादन में दिखाई दे रहा है। वर्ष 2013-14 में एक गाय या भैंस से प्रतिदिन औसतन 5 लीटर से भी कम दूध मिलता था, जबकि आज यह औसत बढ़कर करीब 8 लीटर हो गया है। भारत दुनिया में दुग्ध उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर है और दूध उत्पादन की उत्पादकता में भी तेजी से वृद्धि कर रहा है। इसका सीधा लाभ किसान परिवारों की आमदनी को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि बनासकांठा में दो बायो-सीएनजी प्लांट का शिलान्यास भी किया गया है। सरकार का उद्देश्य पशुओं को स्वस्थ रखना, दूध उत्पादन बढ़ाना और गोबर का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में करना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे। मछली पालन क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि भारत का सी-फूड निर्यात दो गुना से अधिक हो चुका है और इस क्षेत्र में सहकारिता को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
