शुक्रवार, 30 अक्टूबर 202611:03:27 AM
Download App
Home/देश

यूपी में भाजपा सरकार अंगद का पैर : अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल, कार्यकर्ताओं में जोश भर सपा सुप्रीमो पर किया वार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 30, 2026
08:07 AM
अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल, कार्यकर्ताओं में जोश भर सपा सुप्रीमो पर किया वार

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का किया उद्घाटन किया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत संगठन और सरकार के करीब 2,850 प्रतिनिधि शामिल हुए।

अपने संबोधन में अमित शाह ने जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वहीं चुनावी तैयारियों का मंत्र दिया। उन्होंने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताया और उन्हें मालिक कहकर संबोधित किया।

इस दौरान शाह ने यह भी हुंकार भरी की उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अयोध्या में कारसेवा के दौरान अपनी सरकार की चिंता किए बिना निर्णय लिया था।

कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी की सबसे बड़ी ताकत

शाह ने कहा कि भाजपा के मालिक देवतुल्य कार्यकर्ताओं को मेरा राम-राम। उन्होंने कहा कि पार्टी की ऐतिहासिक जीत के पीछे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत है। भाजपा का प्रत्येक नेता सबसे पहले एक कार्यकर्ता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

योगी सरकार की तारीफ, यूसीसी लागू करने का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि प्रदेश को माफियाओं से मुक्त कराने में उनकी सरकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने का भी जिक्र किया। शाह ने कहा कि कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर इसे लागू किया जाएगा।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने अयोध्या में रामभक्तों और कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वे किस आधार पर प्रदेश में फिर सरकार बनाने की बात कर रहे हैं।

2017 और 2022 के चुनावों का दिलाया याद

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन की याद दिलाई। उन्होंने बताया कि 2017 में भाजपा को करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटें मिली थीं, जबकि 2022 में पार्टी ने करीब 41 प्रतिशत वोट हासिल कर बहुमत बरकरार रखा था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और 2027 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए जुट जाने का आह्वान किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें