इंस्टाग्राम बैन पर भड़के केजरीवाल : मेटा और केंद्र सरकार को लिया अपने निशाने पर, कंपनी को दी सख्त चेतावनी

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कथित प्रतिबंध को लेकर केंद्र सरकार को अपने निशाने पर ले लिया है। उन्होंने दावा किया कि भारत में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है, लेकिन इसकी वजह बताने को कोई तैयार नहीं है। इतना ही नहीं उन्होंने यह आरोप लगाया कि कई बार ईमेल और पूछताछ के बावजूद मेटा ने केवल औपचारिक जवाब दिए। केजरीवाल ने यह भी दावा किया की सोशल मीडिया मंच सरकार के दबाव में काम कर रहा है। साथ ही मेटा को चेतावनी देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मंचों की निष्पक्षता बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मेटा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इतना नहीं झुकना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मेटा के भारत कार्यालय में पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है, लेकिन प्रतिबंध की वजह कोई नहीं बता सका। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनका अकाउंट क्यों रोका गया और इसे बहाल करने की प्रक्रिया क्या है।
ईमेल का भी नहीं मिला जवाब
केजरीवाल ने कहा कि इस संबंध में मेटा को कई ईमेल भेजे गए, लेकिन हर बार केवल सामान्य और औपचारिक जवाब मिले। उनके मुताबिक, कंपनी की ओर से किसी भी स्तर पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने मेटा की सेवा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए इसे बेहद खराब बताया।
सरकार के दबाव का जताया संदेह
आप प्रमुख ने आरोप लगाया कि यदि मेटा इसी तरह सरकार के दबाव में काम करती रही, तो सोशल मीडिया मंचों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कंपनी प्रधानमंत्री के सामने इतनी झुकती रही, तो एक दिन ऐसा आएगा जब भारत में केवल एक ही व्यक्ति का सोशल मीडिया अकाउंट चलाने की अनुमति होगी।
फिलहाल, मेटा की ओर से केजरीवाल के आरोपों या उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगाए गए कथित प्रतिबंध को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
