टीम इंडिया न्यूजीलैंड दौरा : तीसरे वनडे के बाद दो हिस्सों में बंट जाएगा कोचिंग स्टाॅफ, गंभीर वनडे तो कोटक-मोर्कल संभालेंगे टेस्ट टीम

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबलों से पहले टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। तीसरे वनडे के बाद भारतीय कोचिंग टीम दो हिस्सों में बंट जाएगी। मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले वनडे टीम के साथ माउंट माउंगानुई में रहेंगे, जबकि बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक और तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल टेस्ट टीम की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना होंगे।
टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए अलग होगा कोचिंग स्टाफ
हैमिल्टन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौतम गंभीर वनडे टीम के साथ रहेंगे और संभव है कि साईराज बहुतुले भी उनके साथ रुकें। वहीं, वह खुद मोर्ने मोर्कल और कुछ अन्य सहयोगी स्टाफ के साथ वेलिंगटन जाएंगे।
कोटक ने यह भी स्पष्ट किया कि योजना में बदलाव की संभावना बनी हुई है और अंतिम फैसला गौतम गंभीर ही लेंगे। टीम प्रबंधन खिलाड़ियों की फिटनेस और अभ्यास को ध्यान में रखते हुए तैयारियों की रूपरेखा तय करेगा।
शुभमन गिल और राहुल समेत ये खिलाड़ी जुड़ेंगे टेस्ट टीम से
योजना के मुताबिक, सीतांशु कोटक और मोर्ने मोर्कल 11 फरवरी को कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, अंशुल कंबोज, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव के साथ वेलिंगटन पहुंचेंगे। ये सभी खिलाड़ी वनडे सीरीज के चैथे और पांचवें मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे।
वहीं, तेज गेंदबाज गुरनूर बरार, औकिब नबी और अर्शदीप सिंह के टेस्ट टीम के साथ नेट गेंदबाज और रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में रुकने की संभावना है।
पांचवें वनडे के बाद रवाना होंगे गंभीर
गौतम गंभीर और साईराज बहुतुले वनडे टीम के साथ अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के बाद 16 फरवरी को पांचवें वनडे के अगले दिन माउंट माउंगानुई से रवाना होंगे। उनके साथ गुरनूर बरार, औकिब नबी और अर्शदीप सिंह भी यात्रा कर सकते हैं।
टेस्ट की अलग-अलग परिस्थितियों के लिए बनेगी रणनीति
कोटक ने बताया कि टेस्ट शिविर में बल्लेबाजों को अलग-अलग परिस्थितियों के लिए तैयार किया जाएगा। इसमें पहली पारी, दूसरी पारी और तीसरी-चैथी पारी में बल्लेबाजी की चुनौतियों पर विशेष ध्यान रहेगा।
उन्होंने कहा कि टॉस जीतने या हारने, पिच के व्यवहार, मौसम और विरोधी टीम के गेंदबाजों की रणनीति के अनुसार अभ्यास कराया जाएगा। भारतीय बल्लेबाजों को टेस्ट मैच के अलग-अलग चरणों में आने वाली परिस्थितियों का अनुभव देने के लिए विशेष अभ्यास सत्र तैयार किए जाएंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
