टीईटी परीक्षा अब आफलाइन भी : शिक्षक सम्मान समारोह से सीएम मोहन का बड़ा ऐलान, कहा- निजी स्कूलों से पीछे नहीं रहेंगे सरकारी स्कूल

भोपाल। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी भोपाल के प्रशासनिक भवन में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर से चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। हालांकि, इस बार राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिएए 55 जिलों में से सिर्फ 22 जिलों के शिक्षकों का चयन राज्य स्तरीय सम्मान के लिए हुआ, जबकि भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित 33 जिलों से एक भी शिक्षक सम्मान के लिए नहीं चुना गया।
शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सीएम डाॅ. यादव ने ने शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों को टीईटी परीक्षा ऑफलाइन देनी है, उन्हें ऑफलाइन परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस संबंध में निर्णय लिया है और जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी है, उनकी सुविधा को ध्यान में रखा जाएगा।
सरकारी स्कूलों को निजी से बेहतर बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के सम्मान, सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी स्कूल किसी भी स्थिति में निजी स्कूलों से पीछे न रहें, बल्कि गुणवत्ता और सुविधाओं के मामले में उनसे आगे निकलें।
शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। समारोह में सम्मानित शिक्षकों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
