केरल में सीएम के नाम पर अब भी सस्पेंस : कांग्रेस के अंदरूनी खींचतान से उलझा मामला, हाईकमान की चुप्पी भी सवालों में

नई दिल्ली। केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ की भारी जीत के बावजूद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करने वाली यूडीएफ सरकार को बने एक हफ्ते से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अब तक यह तय नहीं हो पाया है कि राज्य की कमान किसके हाथ में होगी।
चुनाव नतीजों के तुरंत बाद जिस फैसले की उम्मीद की जा रही थी, वह अब कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों और रणनीतिक चर्चाओं के कारण उलझता जा रहा है। पार्टी हाईकमान दिल्ली में लगातार बैठकों और मंथन में जुटा है, लेकिन किसी एक नाम पर अंतिम सहमति नहीं बन पा रही है।
सस्पेंस के और गहराने की संभावना
मंगलवार को इस सस्पेंस के और गहराने की संभावना है, क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व ने केरल के वरिष्ठ नेता और पूर्व केपीसीसी अध्यक्ष थिरुवंचूर राधाकृष्णन को चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया है। माना जा रहा है कि यह बैठक मुख्यमंत्री चयन की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे
फिलहाल पार्टी के 63 कांग्रेस विधायकों के बीच एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि, उनके नाम को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष भी उभर रहा है। एक वर्ग मानता है कि जमीनी नेतृत्व और विपक्ष में आक्रामक भूमिका निभाने वाले वीडी सतीशन को यह जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।
वहीं, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला भी अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के कारण मजबूत दावेदार बने हुए हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
राजनीतिक हलकों में यह बड़ा सवाल
राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी तेजी से उठ रहा है कि क्या एक मौजूदा सांसद को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जाना सही कदम होगा। हालांकि कांग्रेस के अंदरूनी सूत्र इसे कोई बड़ी बाधा नहीं मान रहे हैं और वे तेलंगाना के रेवंत रेड्डी तथा पूर्व नेता एके एंटनी जैसे उदाहरणों का हवाला दे रहे हैं।
दिल्ली रवाना होने से पहले थिरुवंचूर राधाकृष्णन ने संकेत दिया कि मुख्यमंत्री चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं एमएम हसन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस विवाद पर विराम लगेगा और केरल को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
