‘कोशिश करते रहो, किसी दिन दरवाजा खुल जाएगा’ : महानायक ने बताया जिंदगी का अनमोल मंत्र, बोले- बिना प्रार्थना किए कुछ मिले-नामुमकीन

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी अभिनय कला से दर्शकों के दिलों में खास जगह रखते हैं। अभिनेता ने जिंदगी में कभी हार न मानने को लेकर एक खास संदेश दिया है। उन्होंने अपने ब्लॉग के जरिए लिफ्ट के ऑटोमैटिक दरवाजे का उदाहरण देते हुए जिंदगी की मुश्किलों और लगातार कोशिश के बीच संबंध समझाया।
‘कुछ बिना बोले होता है, कुछ बोलके होता है’
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, कुछ बिना बोले होता है, कुछ बोलके होता है और कुछ ठोक-ठाक के होता है, लेकिन होता जरूर है। उन्होंने आगे लिफ्ट के ऑटोमैटिक दरवाजे का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह एक छोटी सी कोशिश भी बंद होते दरवाजे को दोबारा खोल सकती है।
छोटी सी कोशिश खोल सकती है बड़े दरवाजे
अभिनेता ने लिखा कि लिफ्ट का ऑटोमैटिक दरवाजा थोड़ी देर बाद अपने आप बंद होने लगता है। अगर कोई व्यक्ति लिफ्ट में चढ़ने में देर कर दे और दरवाजा बंद होने लगे, तो उस समय अगर एक छोटी सी उंगली भी उसके रास्ते में आ जाए, तो दरवाजा दोबारा खुल जाता है और अपनी जगह पर वापस चला जाता है।
अमिताभ बच्चन ने इसी उदाहरण को जिंदगी से जोड़ते हुए कहा कि छोटी-छोटी कोशिशें जीवन में बंद दरवाजों को खोल सकती हैं। उन्होंने लिखा, जिंदगी में भी एक छोटा सा प्रार्थना दरवाजा खोल देता है, चाहे वो एक छोटी सी उंगली के बराबर ही क्यों न हो।
हार नहीं, कोशिश को बनाया सफलता का रास्ता
अमिताभ बच्चन ने अपने संदेश में लगातार प्रयास करते रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिना प्रार्थना किए कुछ मिलना नामुमकिन है। उनका संदेश था कि व्यक्ति को कोशिश करते रहना चाहिए, चलते रहना चाहिए और अपने प्रयासों में लगे रहना चाहिए। किसी दिन बंद दरवाजा भी खुल जाएगा।
‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी नजर आ रहे महानायक
अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति-18वां सीजन’ को होस्ट कर रहे हैं। यह शो पहली बार वर्ष 2000 में शुरू हुआ था और भारतीय टेलीविजन की चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल हो चुका है।
यह शो ब्रिटिश कार्यक्रम ‘हू वांट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ का हिंदी संस्करण है। इसमें प्रतियोगियों से बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें चार विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है। जवाब को लेकर असमंजस की स्थिति में प्रतियोगियों को मदद के लिए जीवनरेखाएं भी दी जाती हैं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
