देश के 51 हजार युवा बने सरकारी सेवक : रोजगार मेले से पीएम मोदी ने दी सौगात, कविता के जरिए बढ़ाया युवाओं का हौसला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के तहत 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। पीएम ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 20वें रोजगार मेले में इन युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों में ज्वाइनिंग लेटर दिया। साथ ही उन्होंने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिजनों को बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नई नौकरी से हजारों परिवारों में आई खुशी
पीएम मोदी ने कहा कि देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है और इन खुशियों के बीच रोजगार मेले का यह अवसर हजारों परिवारों के जीवन में नई खुशी लेकर आया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ माता-पिता और परिवार के सदस्यों का भी योगदान है। प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिजनों को बधाई दी।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा कि नवनियुक्त युवा ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकारी सेवा में रहते हुए युवाओं को ऐसे निर्णयों और कार्यों पर ध्यान देना चाहिए, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूती प्रदान करें।
युवाओं की आकांक्षाओं को समझने की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा होने के नाते नवनियुक्त कर्मचारियों की अन्य युवाओं के प्रति भी विशेष जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। आज दुनिया भारत के इनोवेटर, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें रखती है।
कविता के जरिए बढ़ाया युवाओं का हौसला
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कविता की पंक्तियां पढ़ते हुए कहा, “सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।” उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने और देश की युवा आकांक्षाओं को समझते हुए बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
