इंदौर में पोस्टरवार पर सियासी संग्राम : दिग्गी ने भाजपा पर लगाए आरोप, बोले- राहुल की लोकप्रियता से घबराया है सत्ताधारी दल

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के दौरे पर पहुंच गए हैं। वे शाम 6 बजे छात्रों की गूंज कार्यक्रम से युवाओं से संवाद करेंगे। राहुल के इंदौर पहुंचने से पहले उनके खिलाफ शहर भर में पोस्टर लगाए, जिसमें लिखा था झूठ की गूंज। मप्र के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पोस्टर वार का आरोप भाजपा पर मढ़ दिया है। साथ ही आरोप लगाया है कि राहुल की लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है।
भाजपा राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराई रू दिग्विजय
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का इंदौर में हार्दिक स्वागत है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। दिग्विजय सिंह के मुताबिक, युवा पेपर लीक और शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से परेशान हैं और सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। भाजपा द्वारा कार्यक्रम से पहले पोस्टर लगाए जाने को भी उन्होंने इसी राजनीतिक बेचैनी से जोड़कर देखा।
2.5 लाख से अधिक पंजीयन का दावा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने ‘छात्रों की गूंज’ को गैर-राजनीतिक कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, विशेषकर छात्रों के बीच लोकप्रिय हैं। उनके अनुसार, छात्र मानते हैं कि कोई उनके अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है और संघर्ष कर रहा है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर कसा तंज
उज्जैन से भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विपक्षी नेताओं की तुलना शादी में नाराज होने वाले ‘फूफा’ से की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और सरकार के अच्छे कार्यों पर भी सवाल उठाए जाते हैं। फिरोजिया ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष केवल विरोध करने का काम कर रहा है।
स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने पर वैकल्पिक स्थल
राहुल गांधी का कार्यक्रम इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन कांग्रेस को वहां अनुमति नहीं मिली। इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई ने क्षेत्रीय पार्क के सामने करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन 17 से 19 सितंबर तक अस्थायी पट्टे पर ली है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर छात्रों से संवाद, उनकी समस्याएं सुनने और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत पर चर्चा करने की बात कही थी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
