शनिवार, 19 सितंबर 202612:18:34 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स 2026 का भव्य आगाज : तिरंगे की शान के साथ भारतीय दल ने किया मार्च पास्ट, मनु भाकर-पवन सेहरावत ने की अगुवाई

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 19, 2026
10:56 AM
तिरंगे की शान के साथ भारतीय दल ने किया मार्च पास्ट, मनु भाकर-पवन सेहरावत ने की अगुवाई

आइची-नागोया। जापान के आइची-नागोया में शनिवार को एशियाई खेलों का रंगारंग आगाज हुआ। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में हुए उद्घाटन सेरेमनी में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने अपनी संस्कृति और जोश के साथ खेल महाकुंभ में दस्तक दी। इसी दौरान भारतीय दल ने तिरंगे की शान के साथ शानदार मार्च पास्ट किया। ओलंपिक में दो पदक जीत चुकीं निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी स्टार पवन सेहरावत हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सबसे आगे रहे। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का दल पूरे उत्साह के साथ स्टेडियम में पहुंचा। भारतीय दल की इस भव्य मौजूदगी ने आइची-नागोया खेलों के आगाज को यादगार बना दिया।

तिरंगा थामे सबसे आगे चले मनु और पवन

भारतीय दल की मार्च पास्ट उद्घाटन समारोह के सबसे आकर्षक पलों में रही। मनु भाकर और पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर सबसे आगे चले, जबकि उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का बड़ा दल पूरे उत्साह के साथ स्टेडियम में दाखिल हुआ। तिरंगे के साथ भारतीय दल की यह तस्वीर पूरे समारोह में देश की मौजूदगी को खास बनाती नजर आई।

मनु भाकर के लिए यह एशियन गेम्स में तीसरी भागीदारी है। पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच चुकीं मनु से भारतीय खेल प्रेमियों को इस बार भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं पवन सेहरावत 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे हैं।

आखिरी समय पर बदला गया फ्लैग-बेयरर

पुरुष ध्वजवाहक के रूप में शुरुआत में शॉटपुट स्टार तजिंदरपाल सिंह तूर का नाम तय किया गया था। हालांकि समारोह की किट से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण आखिरी समय पर बदलाव करना पड़ा। इसके बाद पवन सेहरावत को भारतीय दल की अगुआई का मौका मिला।

तूर भले ही उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक नहीं बन सके, लेकिन एशियन गेम्स में भारत की पदक उम्मीदों में उनका अहम स्थान है। शॉटपुट में वह एक बार फिर अपने प्रदर्शन से भारत के लिए स्वर्ण पदक की चुनौती पेश करेंगे।

जापान के सम्राट ने किया खेलों का उद्घाटन

उद्घाटन समारोह के दौरान जापान के सम्राट नारुहितो ने 20वें एशियन गेम्स के आधिकारिक उद्घाटन की घोषणा की। इसके साथ ही आइची-नागोया खेलों का औपचारिक आगाज हो गया। जापान की संस्कृति की झलक पारंपरिक संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों में दिखाई दी। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के दौरान 'WELCOME’ संदेश भी प्रदर्शित किया।

आइची प्रीफेक्चर के गवर्नर ओमुरा हिदेआकी ने खिलाड़ियों और दर्शकों का स्वागत किया। इसके बाद ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी ने भी समारोह को संबोधित किया।

अब मैदान में दिखेगा भारतीय दम

उद्घाटन समारोह की भव्यता के बाद अब पदकों की असली जंग शुरू होगी। भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में चुनौती पेश करेंगे। भारत की नजर 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स के रिकॉर्ड प्रदर्शन को आगे बढ़ाने पर होगी। हांगझोउ में भारत ने कुल 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य शामिल थे।

अब आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ियों की नजर पदक तालिका में मजबूत प्रदर्शन पर है। उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और पवन सेहरावत की अगुआई में तिरंगे के साथ निकला भारतीय दल अभियान की शानदार शुरुआत का प्रतीक बना। अब बारी मैदान पर दम दिखाने और देश के लिए पदक जीतने की है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें