शनिवार, 19 सितंबर 202611:02:47 AM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

SDM ने किया निरीक्षण : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत एसडीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Sep 19, 2026
09:16 AM
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत एसडीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रायसेन। मध्यप्रदेश के राजधानी भोपाल से सटे रायसेन जिले के बेगमगंज में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इसी क्रम में एसडीएम प्रियंका भलावी ने ग्राम महुआखेड़ा कला में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। एसडीएम ने ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में उनके निराकरण के निर्देश दिए।

ग्रामीणों से किया जनसंवाद

अभियान के दौरान एसडीएम प्रियंका भलावी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय स्तर की समस्याओं और शासकीय योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण

एसडीएम ने ग्राम में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण संबंधी व्यवस्थाओं और केंद्र की अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने और केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

राशन दुकान पर शत-प्रतिशत वितरण के निर्देश

इसके बाद एसडीएम ने शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण की व्यवस्था की जानकारी ली और दुकान संचालक को पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र लोगों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

विद्यार्थियों से संवाद कर खुद पढ़ाया पाठ

अभियान के दौरान एसडीएम ने शासकीय हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें पाठ पढ़ाया।उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल पूछकर उनकी समझ और शैक्षणिक गुणवत्ता का परीक्षण किया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्कूल परिसर के निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रियंका भलावी ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों की देखभाल करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रशासन का ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करने और स्थानीय समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें