आस्था की यात्रा का दर्दनाक अंत : मां बगलामुखी मंदिर के पास नाले के तेज बहाव में समाई कार 8 लोगों की मौत, इनमें तीन मासूम बच्चे भी

आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां के नलखेड़ा क्षेत्र में मां बगलामुखी मंदिर के समीप बरसाती नाले को पार करने की कोशिश कर रही एक कार तेज बहाव में बह गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई है। सभी लोग नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आए थे। लेकिन दर्शन से पहले काल के गाल में समा गए।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार चालक को नाले में पानी के बहाव की गहराई और तेजी का सही अंदाजा नहीं था। चालक ने कार को नाला पार कराने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कार उसके साथ बहती हुई नाले में जा समाई। हादसे की जानकारी शनिवार सुबह उस समय सामने आई, जब नाले का पानी कुछ कम हुआ। राहगीरों ने नाले में कार को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की नहीं हो सकी पहचान
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। बचाव अभियान के दौरान कार के अंदर से आठ लोगों के शव बरामद किए गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक ने घटना में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए गए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
सात लोग उड़ीसा के बताए जा रहे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सात लोग उड़ीसा के निवासी थे। ये सभी नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया गया है कि इन लोगों ने उज्जैन से कार किराए पर ली थी। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
