शनिवार, 1 अगस्त 202610:21:22 PM
Download App
Home/देश

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026ः : भारतीय दल के लिए उपलब्धियों से भरा रहा नौवां दिन, प्वाइंट टेबल पर 10वें स्थान पर पहुंचा भारत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 01, 2026
07:38 AM
भारतीय दल के लिए उपलब्धियों से भरा रहा नौवां दिन, प्वाइंट टेबल पर 10वें स्थान पर पहुंचा भारत

नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का नौवां दिन भारतीय दल के लिए शानदार उपलब्धियों से भरा रहा। भारत ने एक ही दिन में दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक जीतकर अपने अभियान को नई रफ्तार दी। सबसे बड़ी उपलब्धि जूडो में मिली, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इसके अलावा भाला फेंक में नीरज चोपड़ा और यशवीर सिंह ने भी पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। हालांकि शानदार प्रदर्शन के बावजूद पदक तालिका में भारत की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया और टीम 23 पदकों के साथ 10वें स्थान पर बनी हुई है।

जूडो में पहली बार दो स्वर्ण, भारत ने लिखा नया अध्याय

भारतीय जूडो के लिए यह दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में अस्मिता डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला जूडो स्वर्ण दिलाया। इसके बाद हर्ष सिंह ने भी स्वर्ण पदक जीतकर इस उपलब्धि को और खास बना दिया। वहीं 57 किलोग्राम वर्ग में यामिनी मौर्य ने रजत पदक जीतकर भारत के खाते में एक और सफलता जोड़ी।

भाला फेंक में नीरज और यशवीर ने दिलाए दो और पदक

भारतीय स्टार खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 85.83 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक जीत लिया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने एथलेटिक्स में भारत की मजबूत मौजूदगी एक बार फिर साबित कर दी।

तेजस्विन शंकर ने भी रचा इतिहास

डेकाथलॉन स्पर्धा में तेजस्विन शंकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि बहु-इवेंट प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है।

पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम

भारत ने भले ही एक दिन में छह पदक जीते हों, लेकिन पदक तालिका में वह अभी भी 23 पदकों के साथ 10वें स्थान पर बना हुआ है। शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है, जिसने अब तक 55 स्वर्ण, 30 रजत और 43 कांस्य सहित कुल 128 पदक अपने नाम किए हैं। इंग्लैंड दूसरे और कनाडा तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। मेजबान स्कॉटलैंड चैथे, नाइजीरिया पांचवें, न्यूजीलैंड छठे, दक्षिण अफ्रीका सातवें, मलेशिया आठवें और वेल्स नौवें स्थान पर है। अब भारतीय खिलाड़ियों की नजर अगले मुकाबलों में और अधिक स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में लंबी छलांग लगाने पर होगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें