लहरों पर लहराया तिरंगा : भोपाल के बोट क्लब में गूंजा भारत माता का जयघोष, सीएम मोहन यादव ने किया विशाल नौका तिरंगा यात्रा का आगाज

भोपाल। तिरंगे की शान, देशभक्ति का जुनून और झील की लहरों पर उमड़ता राष्ट्रप्रेम-13 अगस्त को भोपाल का बोट क्लब एक अनोखे देशभक्ति उत्सव का गवाह बना। ‘मेरा रंग दे बसंती चोला...’ जैसे गीतों की गूंज के बीच जब तिरंगे से सजी नौकाएं बड़ी झील की लहरों पर उतरीं तो पूरा माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा। ऐसा लगा मानो झील की हर लहर तिरंगे को सलाम कर रही हो और हवा भी वतन के सम्मान में गीत गा रही हो।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित विशाल नौका तिरंगा यात्रा में धरती, जल और आकाश तीनों तिरंगे के रंगों में रंगे नजर आए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा का शुभारंभ कर स्वयं नौका में सवार होकर राष्ट्रगौरव का संदेश दिया। युवा खिलाड़ियों के रोमांचक प्रदर्शन और हजारों नागरिकों की मौजूदगी ने इस आयोजन को देशभक्ति, साहस और राष्ट्रीय एकता का यादगार उत्सव बना दिया। इस देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।

लहरों पर खिलाड़ियों ने दिखाया शौर्य
युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग-कनोइंग के जरिए ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि बोट क्लब पर मौजूद लोग रोमांचित हो उठे। खिलाड़ियों ने कैनो स्लालम शो में तिरंगा हाथ में लेकर पानी की तेज लहरों के बीच अपने कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का जोश और तिरंगे के प्रति सम्मान देखते ही बन रहा था। जल क्रीड़ा के इस अनूठे प्रदर्शन ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में नया रंग भर दिया। खास बात यह रही कि देश में पहली बार तालाब के बीच फ्लोटिंग तिरंगा तैयार किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

‘भारत ने दुनिया में बनाई अलग पहचान’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बोट क्लब पर आयोजित यह आयोजन अद्भुत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सामने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भारत युवा शक्ति से भरपूर देश है और अपनी क्षमता एवं सामर्थ्य के साथ समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की तीनों सेनाओं ने अपने पराक्रम से भारत की शक्ति का परिचय दिया है। आज देश ने अभूतपूर्व सामर्थ्य हासिल किया है और हर नागरिक को इस उपलब्धि पर गर्व होना चाहिए।

खिलाड़ियों की संकल्प शक्ति को किया सलाम
डॉ. यादव ने कहा कि जल में निकली तिरंगा यात्रा यह संदेश देती है कि मजबूत संकल्प और कौशल के बल पर हर चुनौती को पार किया जा सकता है। खिलाड़ियों ने लहरों के बीच तिरंगा लेकर जिस साहस का प्रदर्शन किया, वह युवाओं की ऊर्जा और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आज बोट क्लब पर चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा है। यह दृश्य देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने सभी से देश को और मजबूत बनाने तथा विकास की यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। नौका तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले भोपाल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया, जहां झील की हर लहर मानो तिरंगे को सलाम करती नजर आई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
