कुएं में डूबने से 3 मासूम बच्चियों की मौत : रायसेन में दर्दनाक हादसा, पानी भरने गई थीं बच्चियां, खेल-खेल में चली गई जान

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील क्षेत्र से शनिवार को बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। पुलिस चैकी गढ़ी अंतर्गत ग्राम सगौर में कुएं में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सगौर निवासी हल्केराम आदिवासी की बेटियां राधा (12) और तनु अपनी सहेली अमृता (12), पिता रामगोपाल, के साथ शनिवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं। बताया जा रहा है कि पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं के पास खेलने लगीं और बाद में नहाने के लिए कुएं में उतर गईं। इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों बच्चियां भी कुएं में उतर गईं, लेकिन देखते ही देखते तीनों पानी में डूब गईं।
सहेली ने गांव पहुंचकर दी सूचना
घटना के समय वहां मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना यह हादसा देखकर घबरा गई। वह तुरंत गांव पहुंची और ग्रामीणों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों ने तत्काल तीनों बच्चियों को सिविल अस्पताल गैरतगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में भीड़ जमा हो गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच में जुटी
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे ग्राम सगौर में शोक की लहर फैल गई है। हर आंख नम दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन भी घटना के हर पहलू की जांच कर रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
