सिंहस्थ से पहले उज्जैन को मिलेगा नया स्वरूप : 1200 करोड़ से संवरेगी महाकाल की नगरी, सीएम बोले - 2022 के बाद 360 डिग्री में बदला उज्जैन

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के भव्य और दिव्य आयोजन से पहले उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है। शहर में 1200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के नए विकास और जीर्णोद्धार कार्यों का भूमि-पूजन किया गया। इनमें धार्मिक स्थलों के विकास के साथ सड़क, सीवर और मेला क्षेत्र की अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े काम शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक पर्यटन का नया दौर शुरू हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और बाबा महाकाल महालोक इसी दूरदृष्टि के परिणाम हैं। वर्ष 2022 के बाद उज्जैन के तीर्थ क्षेत्रों का स्वरूप 360 डिग्री बदल गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से उज्जैन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसका असर शहर की अर्थव्यवस्था और स्थानीय गतिविधियों पर भी दिखाई दे रहा है। सरकार की प्राथमिकता केवल धार्मिक स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि उनके आसपास यातायात, आवास, स्वच्छता और दूसरी जरूरी सुविधाओं का विस्तार करना भी है। इसी सोच के तहत उज्जैन सहित प्रदेश के दूसरे स्तर के शहरों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

84 महादेव यात्रा के प्रमुख पड़ाव अंगारेश्वर का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिप्रा नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर का विकास भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है। यह प्राचीन शिव मंदिर 84 महादेव यात्रा के प्रमुख पड़ावों में से एक है। पृथ्वी पर जीवों की 84 लाख योनियों की मान्यता से जुड़ी इस धार्मिक परंपरा में मंदिर का विशेष महत्व है। इसके साथ ही उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल गढ़कालिका माता मंदिर के तीर्थ क्षेत्र का भी विकास किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इन धार्मिक स्थलों की पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित किया जा सकेगा।
17 नवंबर को चिड़ियाघर और बचाव केंद्र का भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को शहर में बहुप्रतीक्षित चिड़ियाघर और वन्यजीव बचाव केंद्र का भूमि-पूजन किया जाएगा। इससे उज्जैन के पर्यटन आकर्षण में एक नया अध्याय जुड़ेगा। धार्मिक पर्यटन के साथ शहर में परिवारों और बच्चों के लिए भी पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

मकान छोड़ने वालों को बहुमंजिला इमारतों में मुफ्त आवास
सड़क चौड़ीकरण के कारण प्रभावित होने वाले परिवारों और व्यापारियों के पुनर्वास को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो परिवार सड़क चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से अपने मकान छोड़ेंगे, उन्हें बहुमंजिला इमारतों में नि:शुल्क आवास उपलब्ध कराया जाएगा। जिन दुकानदारों की दुकानें विकास कार्यों के कारण टूट रही हैं, उनके लिए उज्जैन की खाली जमीन पर नया बाजार विकसित कर दुकानें आवंटित की जाएंगी। सरकार विकास के साथ प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखेगी।
किसानों को जमीन के बदले चार गुना मुआवजा
सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजे के चेक प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन में विकास कार्यों के साथ आम नागरिकों, किसानों और व्यापारियों के हितों का संरक्षण भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों को भाईदूज की शुभकामनाएं भी दीं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
