शनिवार, 31 अक्टूबर 202609:49:25 AM
Download App
Home/देश

मप्र राज्यसभा चुनाव : केन्द्रीय मंत्री पुरी ने भरा नामांकन फार्म, प्रस्तावक बनीं कृष्णा गौर, सीएम मोहन-खंडेलवाल भी रहे साथ

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 31, 2026
06:47 AM
केन्द्रीय मंत्री पुरी ने भरा नामांकन फार्म, प्रस्तावक बनीं कृष्णा गौर, सीएम मोहन-खंडेलवाल भी रहे साथ

भोपाल। मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे। हरदीप सिंह पुरी की प्रस्ताव राज्यमंत्री कृष्णा गौर बनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम सभी को उन्हें राज्यसभा भेजने का अवसर मिला है। उनका प्रस्तावक बनाया जाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

सीएम हाउस में मुलाकात के बाद बीजेपी कार्यालय पहुंचे पुरी

नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्टी नेताओं के साथ वे विधानसभा पहुंचे, जहां राज्यसभा के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। विधानसभा भवन जाने से पहले पुरी ने गुरुद्वारे में मत्था भी टेका।

हमारा सौभाग्य की पुरी ने मप्र से भरा नामांकन

हरदीप सिंह पुरी का नामांकन दाखलि कराने के बाद सीएम डाॅ. यादव ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हरदीप सिंह पुरी ने मप्र की रिक्त सीट से नामांकन दाखिल किया है। दिवाली से पहले मध्य प्रदेश सरकार को बड़ा उपहार मिला है। उन्होंने कहा कि हरदीप सिंह पुरी का लंबा संसदीय जीवन रहा है। पुरी ने मप्र को बीना रिफाइनरी,स्मार्ट सिटी जैसी सौगाते दी है। पुरी के नेतृत्व में देश के अंदर स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हुआ स्वच्छता सर्वेक्षण में मप्र के शहरों ने देश में अपना नाम कमाया।

कृष्णा गौर बोलीं- पुरी को राज्यसभा भेजने का अवसर मिलना सौभाग्य

कृष्णा गौर ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी की कार्यशैली बेहद प्रभावशाली रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की है। अब उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ मध्य प्रदेश को भी मिलेगा। उनके राज्यसभा पहुंचने से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर एक अनुभवी नेतृत्व का सहयोग प्राप्त होगा।

वीडी शर्मा का कांग्रेस पर हमला, 1984 के दंगों का उठाया मुद्दा

नामांकन के दौरान बीजेपी सांसद वीडी शर्मा ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हरदीप सिंह पुरी को बीजेपी का वरिष्ठ और जिम्मेदार नेता बताते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस हमेशा झूठ और कपट की राजनीति करती है। उन्हें शर्म आनी चाहिए। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें