बुधवार, 25 नवंबर 202601:55:41 PM
Download App
Home/देश

सपा-कांग्रेस के बीच शह-मात का खेल : यूपी सीएम योगी का तीखा हमला, एनडीए में मतभेद की अटकलों पर लगाया विराम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 25, 2026
09:45 AM
यूपी सीएम योगी का तीखा हमला, एनडीए में मतभेद की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। उत्तरप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हमले तेज हो गए हैं। पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे पर जमकर जुबानी तीर छोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर चल रही रस्साकसी को लेकर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि एक तरफ गठबंधन की बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशियों की घोषणा की जा रही है। इससे बड़ा आपसी अपमान क्या हो सकता है? इस दौरान उन्होंने एनडीए में मतभेद की अटकलों को भी सिरे से खारिज कर दिया।

योगी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। गठबंधन के कुछ नियम, मर्यादाएं और शिष्टाचार होते हैं, लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे उनके आपसी तालमेल पर सवाल उठते हैं। कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को उन्होंने उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम बताया और कहा कि जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है।

एनडीए में कोई विवाद नहीं, सभी सहयोगी मिलकर लड़ेंगे चुनाव

एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए योगी ने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और एनडीए में किसी तरह का विवाद नहीं है। विपक्ष एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।

अखिलेश को रामभक्तों से मांगनी चाहिए माफी

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और सपा की सनातन को लेकर बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 90 के दशक में ही ऐसी सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता।

भाजपा का वोट बैंक राष्ट्रवादी नागरिक

अपनी पार्टी की विचारधारा स्पष्ट करते हुए योगी ने कहा कि भाजपा का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जिसे संविधान और देश की विरासत पर विश्वास है। भाजपा किसी जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर काम करती है।

सनातन और हिंदू पहचान पर गर्व

योगी ने कहा कि उन्हें सनातन धर्म और हिंदू होने पर गर्व है। किसी की सोच या धारणा के कारण वे अपनी पहचान नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में एआई सिटी, डेटा सेंटर क्लस्टर, सेमीकंडक्टर यूनिट, ड्रोन और रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम हो रहा है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी नई संभावनाएं खोल रहा है। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक अमेरिकी कंपनी करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश अनुकूल नीतियों, लैंड बैंक और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क के चलते निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें