बुधवार, 29 जुलाई 202610:22:41 PM
Download App
Home/देश

मप्र में युवाओं की राह आसान करेगा एईडीपी : डिग्री के साथ मिलेगा उद्योगों में काम का अनुभव, बैच के 84 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 29, 2026
09:53 AM
डिग्री के साथ मिलेगा उद्योगों में काम का अनुभव, बैच के 84 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन

भोपाल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मध्यप्रदेश में शुरू किया गया अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) अब रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा का मजबूत मॉडल बनता जा रहा है। इस कार्यक्रम की खासियत यह है कि विद्यार्थियों को स्नातक डिग्री के साथ-साथ उद्योगों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है।

एईडीपी के पहले बैच के 84 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में अप्रेंटिसशिप के लिए चयन हुआ है। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अब तक इस कार्यक्रम में 3500 से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। विभाग को उम्मीद है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक यह संख्या लगभग 5000 तक पहुंच सकती है।

डिग्री के साथ कौशल और औद्योगिक प्रशिक्षण

एईडीपी में विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाता है। कार्यक्रम के शुरुआती दो वर्षों में विषय आधारित अध्ययन के साथ विद्यार्थियों की व्यावहारिक क्षमता विकसित की जाती है। अंतिम वर्ष में उन्हें संबंधित क्षेत्रों की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप का अवसर मिलता है।

इस दौरान विद्यार्थी वास्तविक कार्यस्थल पर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं, उन्हें नियमानुसार स्टाइपेंड भी दिया जाता है और उनके प्रदर्शन के आधार पर अंतिम वर्ष का मूल्यांकन किया जाता है। इससे डिग्री पूरी होने तक विद्यार्थियों के पास शैक्षणिक योग्यता के साथ उद्योग का अनुभव भी होता है।

84 विद्यार्थियों को मिली बड़ी कंपनियों में जगह

वर्ष 2024 में एईडीपी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पहला बैच अब अप्रेंटिसशिप के लिए तैयार हो चुका है। चयन प्रक्रिया में रिटेल ऑपरेशंस के 21 विद्यार्थियों का चयन लोटस इलेक्ट्रॉनिक्स में हुआ है। लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के 38 विद्यार्थियों को कैरीफास्ट लॉजिस्टिक्स, मोजेक ग्रुप, लुसेन और टीमवर्क्स जैसी कंपनियों में अवसर मिला है। वहीं, एचआर ऑपरेशंस के 13 विद्यार्थियों का चयन टेक्नोटास्क, ताज होटल और विक्रम सीमेंट्स में हुआ। बीएफएसआई क्षेत्र के 12 विद्यार्थियों को फिनोदय और मुथूट समूह की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप मिली है। चयनित विद्यार्थियों को 10 हजार से 17 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड मिलेगा।

विद्यार्थियों में बढ़ रहा भरोसा

एईडीपी के प्रति विद्यार्थियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2024-25 बैच के 963 विद्यार्थी वर्ष 2026 में अप्रेंटिसशिप के लिए पात्र हो चुके हैं। वहीं, 2025-26 सत्र में 4513 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में प्रवेश लिया था। वर्तमान सत्र में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी एईडीपी से जुड़ रहे हैं। उद्योगों के साथ समन्वय बढ़ाने के लिए इस सप्ताह करीब 110 विद्यार्थियों के साक्षात्कार विभिन्न कंपनियों में आयोजित किए जा रहे हैं।

कई क्षेत्रों में उपलब्ध हैं पाठ्यक्रम

एईडीपी के तहत बीकॉम में बीएफएसआई, रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स और ह्यूमन रिसोर्स ऑपरेशंस जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा बीएससी हेल्थकेयर मैनेजमेंट और बीए टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी ऑपरेशंस जैसे विकल्प भी उपलब्ध हैं। एईडीपी का उद्देश्य युवाओं को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल और रोजगार के लिए तैयार बनाना है। यही वजह है कि यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश में विद्यार्थियों की नई पसंद बनता जा रहा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें