छत्तीसगढ़ : धमतरी जिला अस्पताल में मुफ्त में होंगे 130 तरह के टेस्ट, कलेक्टर किया आधुनिक ऑटोमेटिक लैब का निरीक्षण

धमतरी से शमशाद खान
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अस्पताल में शुरू हुई आधुनिक ऑटोमेटिक लैब स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव लेकर आई है। नई मशीनों की मदद से एक ही स्थान पर 130 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें की जा सकती हैं। पहले जिन जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ता था, अब वे सुविधाएं जिला अस्पताल में ही उपलब्ध होंगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह लैब प्रतिदिन लगभग एक हजार ब्लड सैंपलों की जांच करने में सक्षम है। जांच प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमेटेड होने से रिपोर्ट कम समय में तैयार हो जाती है। मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि रिपोर्ट सीधे उनके व्हाट्सएप नंबर पर भेजी जाएगी। इसके अलावा बालोद, कांकेर और बस्तर संभाग के कई मरीज भी यहां रेफर होकर आते हैं। ऐसे में नई लैब शुरू होने से बड़ी संख्या में लोगों को फायदा मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुलभ हो सकेंगी। धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि पहले ग्रामीण प्राथमिक जांचों के लिए परेशान रहते थे लेकिन अब 300 से ज्यादा गांवों के लोगों को इस ऑटोमेटिक लैब का फायदा मिलेगा, सरकार की इस पहल से मरीजों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा मिलेगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निजी जांच केंद्रों पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी। धमतरी जिला अस्पताल में शुरू हुई यह हाईटेक लैब मरीजों के लिए बड़ी सौगात साबित हो सकती है। आधुनिक तकनीक, त्वरित रिपोर्ट और निशुल्क जांच सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने का काम करेगी
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
