बुधवार, 26 अगस्त 202612:33:30 PM
Download App
Home/मनोरंजन

अब मराठी ‘केबीसी’ में दिखेगा माधुरी का जलवा : 24 साल बाद टीवी पर लौटीं ‘धक-धक गर्ल’ एक्टिंग अलग होगा अंदाज

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 26, 2026
10:26 AM
24 साल बाद टीवी पर लौटीं ‘धक-धक गर्ल’ एक्टिंग अलग होगा अंदाज

मुंबई। बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित अब छोटे पर्दे पर एक नई भूमिका में नजर आने वाली हैं। अभिनेत्री लोकप्रिय क्विज शो ‘कोण होणार करोडपती’ को होस्ट करने जा रही हैं। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मराठी वर्जन के तौर पर पहचान रखने वाला यह शो इस बार माधुरी की मौजूदगी से और खास होने वाला है।

कंटेस्टेंट्स की कहानियां बनीं माधुरी की सबसे बड़ी वजह

माधुरी ने बताया कि उन्हें इस शो की ओर सबसे ज्यादा कंटेस्टेंट्स की जिंदगी, उनकी संघर्ष भरी कहानियों और सपनों ने आकर्षित किया। उनके मुताबिक, यह कार्यक्रम सिर्फ सवालों के सही जवाब देकर रकम जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के आत्मविश्वास और सपने देखने की हिम्मत से भी जुड़ा है।

अभिनेत्री का कहना है कि वह कंटेस्टेंट्स के सामने बैठकर उनकी जिंदगी को करीब से जानना और उनके सपनों को समझना चाहती हैं। यही वजह है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए खास माना।

एक्टिंग से बिल्कुल अलग होगा माधुरी का अंदाज

होस्टिंग और अभिनय के अंतर पर बात करते हुए माधुरी ने कहा कि अभिनेता को कैमरे के सामने किसी किरदार में ढलना पड़ता है, जबकि होस्ट के रूप में वह खुद को सहज अंदाज में दर्शकों के सामने रख सकती हैं। शो में दर्शकों को उनका स्वाभाविक और बेबाक अंदाज देखने को मिलेगा।

24 साल बाद छोटे पर्दे पर वापसी

‘कोण होणार करोडपती’ के साथ माधुरी करीब 24 साल बाद टीवी होस्टिंग में वापसी कर रही हैं। इससे पहले वह ‘कहीं ना कहीं कोई है’ नाम के टीवी शो को होस्ट कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्मों और अन्य प्रोजेक्ट्स पर अधिक ध्यान दिया। मराठी ‘केबीसी’ फॉर्मेट को माधुरी से पहले सचिन खेडेकर, स्वप्निल जोशी और नागराज मंजुले जैसे लोकप्रिय कलाकार होस्ट कर चुके हैं।

महाराष्ट्रीयन लुक ने बढ़ाई उत्सुकता

शो के मेकर्स ने इसी महीने इसका पहला प्रोमो जारी किया था। प्रोमो में माधुरी पारंपरिक महाराष्ट्रीयन अंदाज में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उनके लुक ने सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच शो को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। मेकर्स के अनुसार, माधुरी ने प्रोमो की शूटिंग पूरी कर ली है। शो को हिंदी ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के प्रीमियर एपिसोड से जोड़कर पेश करने की भी तैयारी थी। ऐसे में अब दर्शकों को इंतजार है कि माधुरी अपनी मुस्कान, सहज अंदाज और सवाल-जवाब की नई पारी से ‘कोण होणार करोडपती’ में कितना रंग भरती हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें