टाॅक्सिक ने मचाया तहलका : किसी ने यश तो किसी ने कियारा के अभिनय को सराहा, सुबह 7 बजे सिनेमाघर पहुंचीं हुमा कुरैशी

मुंबई। दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ बुधवार को सिनेमाघरों में पहुंचते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई। फिल्म को लेकर पहले से बने माहौल का असर पहले दिन सिनेमाघरों में साफ दिखाई दिया। बड़ी संख्या में दर्शक सुबह के शो में पहुंचे और फिल्म देखने के बाद इसके जबरदस्त एक्शन दृश्यों और कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ की।
फिल्म को लेकर अभिनेत्री हुमा कुरैशी भी काफी उत्साहित दिखी। इतना ही नहीं वह सुबह करीब 7 बजे के शो में दर्शकों के बीच फिल्म देखने पहुंची। शो समाप्त होने बाद उन्होंने फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा कर दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील की। हुमा ने बताया कि वह फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित थीं और इसलिए सुबह का शो देखने पहुंचीं, ताकि दर्शकों की वास्तविक प्रतिक्रिया खुद महसूस कर सकें।
सिनेमाघरों में उमड़ी युवाओं की भीड़
पहले दिन फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों में युवाओं की संख्या काफी अधिक रही। शो खत्म होने के बाद सिनेमाघरों से बाहर निकले दर्शकों के बीच फिल्म के एक्शन दृश्यों को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। कई दर्शकों ने इसे बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव शानदार बताया। कुछ दर्शकों ने कहा कि फिल्म की प्रस्तुति और निर्देशन प्रभावशाली है, जबकि कई लोगों ने यश के अभिनय और एक्शन को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया।
यश के एक्शन ने जीता दर्शकों का दिल
एक दर्शक ने फिल्म देखने के बाद कहा कि उन्हें इसमें ऐसे एक्शन दृश्य देखने को मिले, जो बेहद प्रभावशाली लगे। उन्होंने यश सहित सभी कलाकारों के काम की सराहना की और फिल्म की प्रस्तुति को भी अच्छा बताया। एक अन्य दर्शक ने कहा कि यश का अभिनय उन्हें काफी पसंद आया। उनके मुताबिक फिल्म में सभी अभिनेत्रियों ने भी अच्छा काम किया है और एक्शन दृश्य खास आकर्षण रहे।
कियारा आडवाणी की भी हुई तारीफ
दर्शकों के बीच कियारा आडवाणी के अभिनय की भी चर्चा रही। एक दर्शक ने कहा कि यश ने शानदार काम किया, लेकिन उन्हें कियारा का अभिनय विशेष रूप से पसंद आया। हालांकि, फिल्म को लेकर हर दर्शक की राय एक जैसी नहीं रही। कुछ लोगों को इसकी कहानी थोड़ी जटिल लगी। एक दर्शक ने कहा कि फिल्म को ध्यान से देखने पर ही इसकी कहानी बेहतर तरीके से समझ आती है और उन्हें दूसरा भाग पहले भाग से ज्यादा पसंद आया।
पहले दिन मिली-जुली लेकिन जोशीली प्रतिक्रिया
कुल मिलाकर ‘टॉक्सिक’ को लेकर पहले दिन दर्शकों में उत्साह साफ नजर आया। यश के प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर खास दीवानगी देखने को मिली। जहां एक वर्ग ने इसके एक्शन और अभिनय को खूब सराहा, वहीं कुछ दर्शकों ने कहानी को समझने में थोड़ी कठिनाई महसूस होने की बात कही। फिर भी सिनेमाघरों में उमड़ा उत्साह फिल्म के लिए मजबूत शुरुआत का संकेत दे रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
