बुधवार, 26 अगस्त 202601:32:02 PM
Download App
Home/मनोरंजन

41 साल के प्रेम-सम्मान की कहानी : अनुपम खेर ने किरण खेर को ऐसे दी सालगिरह की खास बधाई

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 26, 2026
07:29 AM

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेत्री किरण खेर अपने वैवाहिक जीवन के 41 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस खास मौके पर अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर पत्नी किरण खेर के साथ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें दिल छू लेने वाली शुभकामनाएं दीं। अभिनेता ने अपने संदेश में रिश्ते में प्यार के साथ-साथ सम्मान, आजादी और एक-दूसरे का साथ निभाने को बेहद महत्वपूर्ण बताया।

41 सालों में देखा जिंदगी का हर रंग

अनुपम खेर ने तस्वीरों के साथ लिखा कि 41 साल के सफर में दोनों ने प्यार, हंसी, झगड़े, असहमति, मुश्किल दौर और जिंदगी के शानदार पल सब देखे हैं। उन्होंने अपने रिश्ते को जिंदगी के अलग-अलग रंगों से भरी यात्रा बताया। अभिनेता के मुताबिक, वह और किरण स्वभाव में काफी अलग हैं और शायद यही अंतर उनके रिश्ते को खास बनाता रहा। उन्होंने कहा कि दोनों ने हमेशा एक-दूसरे को अपनी पहचान और अपने तरीके से जिंदगी जीने की आजादी दी।

बोले- समय के साथ सम्मान की कीमत बढ़ जाती है

अनुपम खेर ने अपने संदेश में रिश्ते की एक अहम बात साझा की। उन्होंने कहा कि शादी में प्यार तो जरूरी है ही, लेकिन वर्षों के साथ आपसी सम्मान की अहमियत और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में समय के साथ लोग और परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन यह एहसास बेहद खूबसूरत होता है कि कोई ऐसा व्यक्ति आपके साथ है, जिसने आपकी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा करीब से देखा और जिया है।

अधूरेपन में भी खूबसूरत है साथ

अनुपम खेर ने अपने 41 साल के रिश्ते को परिपूर्ण दिखाने के बजाय उसकी वास्तविकता को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता कभी अधूरा, कभी आजाद, कभी एक-दूसरे को चिढ़ाने वाला और कभी असंभव सा जरूर लगा, लेकिन दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे। उन्होंने किरण खेर को सालगिरह की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दोनों आगे भी लंबे समय तक साथ चलते रहें।

दोनों की दूसरी शादी, लेकिन परिवार बना मजबूत रिश्ता

अनुपम खेर और किरण खेर दोनों की यह दूसरी शादी थी। अनुपम खेर ने 1979 में मधुमालती कपूर से विवाह किया था, जो अधिक समय तक नहीं चल सका। इसके बाद 26 अगस्त 1985 को उन्होंने किरण खेर से विवाह किया।

किरण खेर का पहले विवाह गौतम बेरी से हुआ था और उनके बेटे सिकंदर खेर हैं। अनुपम खेर ने सिकंदर को अपनाया और उन्हें पिता का स्नेह दिया। यही वजह है कि दोनों का रिश्ता केवल पति-पत्नी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि परिवार और अपनापन इसकी बड़ी पहचान बना।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें