बुधवार, 26 अगस्त 202611:26:10 AM
Download App
Home/मनोरंजन

GIVA ने कहा- हमारा इरादा भावनाएं आहत करना नहीं : कृति सेनन के रक्षाबंधन एड पर बवाल, GIVA ने विज्ञापन हटाया,कंगना ने साधा निशाना, राहुल गांधी ने किया समर्थन

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Aug 26, 2026
09:42 AM
कृति सेनन के रक्षाबंधन एड पर बवाल, GIVA ने विज्ञापन हटाया,कंगना ने साधा निशाना, राहुल गांधी ने किया समर्थन

बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन रक्षाबंधन के एक विज्ञापन को लेकर विवादों में घिर गई हैं। ज्वेलरी ब्रांड GIVA के इस विज्ञापन में कृति सेनन राखी का त्योहार मनाती नजर आई थीं। विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पहनावे को लेकर सवाल उठने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी इस मामले पर टिप्पणी कर दी। वहीं कृति सेनन ने भी आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि किसी महिला की संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से नहीं आंका जाना चाहिए। इस बहस में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कृति के समर्थन में उतर आए। इसके बाद मामला और ज्यादा राजनीतिक रंग ले गया। GIVA ने विवाद बढ़ता देख आज कहा कि विज्ञापन हटा लिया गया है। यह फैसला भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान में लिया गया है।

क्या था पूरा मामला?

GIVA का यह रक्षाबंधन स्पेशल विज्ञापन 17 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर सामने आया था। करीब 35 सेकंड के इस विज्ञापन में कृति सेनन रक्षाबंधन मनाती दिखाई देती हैं। उन्होंने आइवरी/सफेद रंग का इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहना है, जिसमें ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल है। विज्ञापन में वह अपने भाई को राखी बांधती हैं और इसके बाद अपने पालतू कुत्ते को भी परिवार का हिस्सा बताते हुए उसके लिए भी इसी प्यार और सुरक्षा के भाव को दिखाया गया है। विज्ञापन का मकसद रक्षाबंधन के रिश्ते और परिवार के साथ-साथ पालतू जानवरों को भी परिवार का हिस्सा मानने का संदेश देना था। लेकिन सोशल मीडिया पर विज्ञापन के संदेश से ज्यादा चर्चा कृति के कपड़ों को लेकर शुरू हो गई।

कपड़ों को लेकर क्यों हुआ विवाद?

विज्ञापन सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार से जुड़े विज्ञापन में इस तरह का पहनावा क्यों दिखाया गया।कुछ लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति और त्योहार की गरिमा के खिलाफ बताया। सोशल मीडिया पर कृति सेनन और GIVA को लेकर ट्रोलिंग शुरू हो गई। विज्ञापन में पारंपरिक तिलक, आरती आदि का इस्तेमाल नहीं किए जाने को लेकर भी कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए।विवाद तब और बढ़ गया, जब कंगना रनौत ने भी विज्ञापन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

कंगना रनौत ने क्या कहा?

बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने बिना कृति सेनन या GIVA का नाम लिए इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी राय रखी। उन्होंने सवाल किया कि जब महिलाओं के पास पहनने के इतने विकल्प हैं तो भाई को राखी बांधते समय अंडरगारमेंट्स या बिकिनी जैसे कपड़े पहनने की जरूरत क्यों है।कंगना ने विज्ञापन को "जानबूझकर असहज" करने वाला बताया। उनकी टिप्पणी के बाद विवाद ने और जोर पकड़ लिया।

कृति सेनन ने दिया करारा जवाब

कंगना की टिप्पणी के बाद कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट साझा कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि त्योहार की असली भावना कपड़ों में नहीं बल्कि उन भावनाओं और परंपराओं में होती है जिन्हें व्यक्ति दिल से मानता है।

कृति ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के बीच प्यार और सुरक्षा का रिश्ता बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार में उनकी बहन और वह एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सुरक्षा, अच्छी सेहत और खुशी की कामना करती हैं।

विज्ञापन में कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य पर कृति ने कहा कि उनके लिए पालतू जानवर भी परिवार का हिस्सा हैं और इसलिए प्यार और प्रार्थना उनके लिए भी है।

इसके बाद कृति ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि समय के साथ पारंपरिक फैशन भी बदलता रहा है, फिर किसी महिला के संस्कृति के प्रति सम्मान को केवल उसके कपड़ों से क्यों मापा जाना चाहिए?

कृति ने अपनी बात को "Culture & Traditions are in her heart, not in her neckline" के संदेश के साथ खत्म किया।

राहुल गांधी ने किया कृति का समर्थन

कृति सेनन के बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उनके समर्थन में सामने आए। राहुल गांधी ने कृति की इंस्टाग्राम स्टोरी को शेयर करते हुए कहा कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी पसंद है।

उन्होंने महिलाओं को उनकी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल नहीं करने की अपील की और पोस्ट के साथ #SmashThePatriarchy हैशटैग का इस्तेमाल किया।

राहुल गांधी के समर्थन के बाद विवाद ने एक नया राजनीतिक मोड़ ले लिया।

राहुल के बयान पर कंगना का पलटवार

राहुल गांधी के 'Smash The Patriarchy' वाले बयान के बाद कंगना रनौत ने भी पलटवार किया। उन्होंने बीजेपी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए लिखा—"Bro, wait. Bharat Mata ki Jay. Shuru karte hain." इस तरह रक्षाबंधन के एक विज्ञापन से शुरू हुआ विवाद अब कृति सेनन, कंगना रनौत और राहुल गांधी के बयानों तक पहुंच गया।

विवाद के बाद GIVA ने विज्ञापन हटाया

विवाद बढ़ने के बीच ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने आखिरकार अपना रक्षाबंधन विज्ञापन वापस लेने का फैसला किया। 26 अगस्त को कंपनी ने विज्ञापन को अपने प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया।

GIVA ने कहा- हमारा इरादा भावनाएं आहत करना नहीं

GIVA ने कहा, 'एक ब्रांड के तौर पर हमारा हमेशा से मानना रहा है कि इन खुशी के पलों को पूरे परिवार के साथ मनाया जाए। इस बार उसका उद्देश्य पालतू जानवरों के साथ प्यार और जश्न को आगे बढ़ाना था। भावनाएं आहत करना हमारा इरादा नहीं था।'

'अगर हमारे हालिया विज्ञापन से समाज के कुछ हिस्सों की भावनाओं को अनजाने में ठेस पहुंची है, तो हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं था। हमने उस विज्ञापन सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।' ब्रांड ने त्योहार के मौके पर लोगों को प्यार और सकारात्मकता की शुभकामनाएं भी दीं।

यानी कृति सेनन के विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार ब्रांड के विज्ञापन वापस लेने पर खत्म हुआ, लेकिन महिलाओं के पहनावे, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और त्योहारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति को लेकर बहस अभी भी जारी है।

त्योहारों के विज्ञापनों पर पहले भी मचा है बवाल

भारत में त्योहारों से जुड़े विज्ञापनों पर विवाद कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई बड़े ब्रांड सोशल मीडिया और राजनीतिक विरोध के चलते अपने विज्ञापनों को लेकर विवादों में आ चुके हैं।

Tanishq का 2020 विज्ञापन

2020 में Tanishq के 'एकत्वम' कैंपेन के विज्ञापन में एक मुस्लिम परिवार अपनी हिंदू बहू की गोद भराई की रस्म करता दिखाई दिया था। विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध हुआ और #BoycottTanishq ट्रेंड करने लगा। विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने विज्ञापन हटा लिया।

Surf Excel का 2019 होली विज्ञापन

Surf Excel के होली विज्ञापन में एक लड़की अपने मुस्लिम दोस्त को रंगों से बचाकर मस्जिद तक पहुंचाती है। विज्ञापन में सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देने की कोशिश की गई थी, लेकिन इसे लेकर सोशल मीडिया पर विरोध हुआ और #BoycottSurfExcel ट्रेंड किया। हालांकि कंपनी ने विज्ञापन वापस नहीं लिया।

FabIndia का 2021 विवाद

FabIndia के 'जश्न-ए-रिवाज़' कैंपेन को लेकर भी विवाद हुआ था। कुछ लोगों ने दिवाली के लिए उर्दू नाम के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई और सोशल मीडिया पर #DiwaliIsNotJashnERiwaaz ट्रेंड किया।

Dabur का करवाचौथ विज्ञापन

2021 में Dabur के करवाचौथ विज्ञापन में दो महिलाओं को एक-दूसरे के लिए व्रत रखते हुए दिखाया गया था। इस विज्ञापन को लेकर भी विवाद हुआ और तत्कालीन मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कार्रवाई की चेतावनी दी थी। विवाद के बाद कंपनी ने विज्ञापन हटाते हुए माफी मांगी थी।

कृति सेनन का एड बना बड़ी बहस का मुद्दा

GIVA के विज्ञापन पर शुरू हुआ विवाद सिर्फ एक सेलिब्रिटी के पहनावे तक सीमित नहीं रहा। इसने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि त्योहारों और भारतीय परंपराओं को विज्ञापनों में किस तरह पेश किया जाना चाहिए और किसी महिला के कपड़ों को उसकी संस्कृति से जोड़कर देखना कितना सही है।

एक तरफ आलोचकों का तर्क है कि पारंपरिक त्योहारों से जुड़े विज्ञापनों में सांस्कृतिक संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए। दूसरी तरफ कृति सेनन और उनके समर्थकों का कहना है कि संस्कृति और परंपरा को महिला के पहनावे से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

फिलहाल GIVA ने विवाद के बीच विज्ञापन वापस ले लिया है, लेकिन कृति सेनन बनाम कंगना रनौत और राहुल गांधी की एंट्री के बाद यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर संस्कृति, फैशन और महिला स्वतंत्रता की बहस का नया केंद्र बन गया है। देखिए नया विज्ञापन

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें