भोपाल में शराब दुकान के खिलाफ सड़क पर आया आक्रोश : एबीवीपी ने पॉलिटेक्निक चैराहे पर किया प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक भी

भोपाल। राजधानी भोपाल में पॉलिटेक्निक चैराहे के पास संचालित एक शराब दुकान को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आक्रोश में आकर शराब दुकान पर पथराव भी किया। इसके साथ ही दुकान के बोर्ड को उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए हालात को काबू में किया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि पॉलिटेक्निक कॉलेज और छात्रावास के पास शराब दुकान का संचालन छात्रों, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक इस शराब दुकान को बंद नहीं किया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
