पीबीकेएस में भगदड़ : साईराज बहुतुले के बाद इन सहयोगियों ने छोड़ा साथ, प्रीति जिंटा-पोंटिंग की बढ़ी टेंशन

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले पंजाब किंग्स के सहयोगी स्टाफ में भगदड़ मच गई है। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले के बाद अब फील्डिंग कोच ब्रैड हेडिन और तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने भी फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया है। तीनों के जाने से टीम के सहयोगी स्टाफ में तीन महत्वपूर्ण पद खाली हो गए हैं। इतना ही नहीं, सहयोगी स्टाफ का साथ छोड़ना पीबीकेएस की मालकिन प्रीति जिंटा के लिए बड़े झटके के रूप में भी देखा जा रहा है।
हेडिन और होप्स ने प्रबंधन को दी जानकारी
रिपोर्ट के अनुसार, ब्रैड हेडिन और जेम्स होप्स ने हाल ही में पंजाब किंग्स प्रबंधन को अपने फैसले की जानकारी दी। दोनों के बिग बैश लीग में नई भूमिकाओं से जुड़ने की संभावना जताई जा रही है। फ्रेंचाइजी ने अब तीनों पदों के लिए नए उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर ब्रैड हेडिन पंजाब किंग्स के क्षेत्ररक्षण कोच थे, जबकि पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स होप्स गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
रिकी पोंटिंग से रहा है पुराना जुड़ाव
हेडिन और होप्स का पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के साथ पुराना संबंध रहा है। दोनों पोंटिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं। होप्स पोंटिंग के साथ दिल्ली की टीम से पंजाब किंग्स में आए थे और लंबे समय से उनके सहयोगी स्टाफ का हिस्सा थे। हेडिन भी पिछली प्रबंधन टीम के समय से पंजाब किंग्स से जुड़े हुए थे।
बहुतुले के बाद अब तीन पद खाली
साईराज बहुतुले ने आईपीएल 2026 समाप्त होने के तुरंत बाद पंजाब किंग्स से इस्तीफा दे दिया था। वह अब भारतीय टीम के साथ स्पिन गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं। बहुतुले के जाने के बाद अब हेडिन और होप्स के हटने से पोंटिंग को अपनी सहयोगी टीम का ढांचा नए सिरे से तैयार करना होगा।
नीलामी से पहले नियुक्तियों की तैयारी
पंजाब किंग्स प्रबंधन नए उम्मीदवारों की तलाश में जुट गया है। अंतिम नियुक्तियों में पोंटिंग की सहमति महत्वपूर्ण होगी। माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी आईपीएल 2027 की खिलाड़ियों की नीलामी से पहले तीनों पदों को भरना चाहती है, ताकि नए सत्र की रणनीति, खिलाड़ियों की तैयारी और टीम की योजनाओं पर पूरी कोचिंग टीम के साथ काम शुरू किया जा सके।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
