सोमवार, 14 सितंबर 202605:52:34 AM
Download App
Home/विदेश

एशिया कप 2026 : भारत का फिर जलवा, श्रीलंका को 72 रन से रौंदकर आठवीं बार कप पर कब्जा

admin

admin

Sep 13, 2026
06:25 PM
भारत का फिर  जलवा, श्रीलंका को 72 रन से रौंदकर आठवीं बार कप पर कब्जा

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले में शुरू से अंत तक दबदबा बनाए रखा। पहले स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने बल्ले से श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं, इसके बाद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को 111 रन पर समेट दिया। इस जीत के साथ भारत ने आठवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी जीतकर अपना वर्चस्व कायम रखा।

मंधाना-शेफाली ने मचाया तूफान

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। शेफाली ने 39 गेंदों में नौ चौके और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। वहीं मंधाना ने भी 39 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए 59 रन की शानदार पारी खेली।

मध्यक्रम लड़खड़ाया, फिर भी बड़ा स्कोर

129 रन पर शेफाली के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिससे भारत का स्कोर 200 रन के पार जाता नजर आने के बावजूद 183 रन तक ही पहुंच सका। ऋचा घोष ने 17 रन और जी. कमालिनी ने नाबाद 15 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन तक पहुंचाया।

श्रीलंका की शुरुआत पर लगे करारे झटके

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। क्रांति गौड़ ने शुरुआती झटके देकर विपक्षी टीम को दबाव में ला दिया। इसके बाद कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की और अच्छी साझेदारी की। दोनों के बीच बन रही साझेदारी से श्रीलंका की उम्मीदें जगीं, लेकिन दीप्ति शर्मा ने दोनों बल्लेबाजों को आउट कर भारत की पकड़ मजबूत कर दी।

फिरकी के आगे ढेर हुई श्रीलंका

इसके बाद श्री चरणी ने अपनी शानदार गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने हर्षिता समरविक्रमा और कविषा दिलहारी को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की कमर तोड़ दी। लगातार विकेट गिरने के बाद पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई और भारत ने 72 रन से फाइनल जीत लिया।

आठवीं बार चैंपियन बना भारत

भारत ने अब तक आठ बार महिला एशिया कप का खिताब जीता है। एकदिवसीय प्रारूप में भारत ने 2004, 2005, 2006 और 2008 में खिताब अपने नाम किया था। वहीं ट्वेंटी-20 प्रारूप में 2012, 2016, 2022 और 2026 में भारतीय टीम चैंपियन बनी है। इस जीत ने एक बार फिर एशिया में भारतीय महिला क्रिकेट के दबदबे को साबित कर दिया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें