रामनगरी : शीतल जल से स्नान, लगेगा ठंडा भोग, रामलला को तपिश से बचाने ऐसे किए जा रहे जतन

अयोध्या। भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को नहीं, रामनगरी की धार्मिक व्यवस्थाओं को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बढ़ते तापमान के बीच राम मंदिर प्रशासन ने रामलला की सेवा-पूजा और दैनिक दिनचर्या में बड़े बदलाव किए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी श्रद्धा के साथ उनकी देखभाल की जा सके।
गर्मी को देखते हुए अब रामलला का स्नान गुनगुने पानी के बजाय शीतल जल से कराया जा रहा है। वहीं भोग में भी परिवर्तन किया गया है- अब दही, ताजे मौसमी फल, ठंडे पेय, जूस और लस्सी जैसे पदार्थ शामिल किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें शीतलता मिल सके। रामलला के वस्त्रों में भी बदलाव किया गया है। भारी कपड़ों की जगह अब हल्के और सूती वस्त्र पहनाए जा रहे हैं, ताकि गर्भगृह के तापमान के अनुरूप उन्हें आराम मिल सके।
दीपक की जगह फूलों से की जा रही आरती
पूजा पद्धति भी मौसम के अनुसार ढाली गई है। अब दीपक की जगह फूलों से आरती की जा रही है, जिससे अतिरिक्त गर्मी न बढ़े। इसके साथ ही गर्भगृह में शीतलन की व्यवस्था के तहत कूलर लगाए गए हैं और आगे ठंडी हवा के यंत्र लगाने की तैयारी भी की जा रही है। तपती गर्मी के बीच रामलला की सेवा में संवेदनशीलता और श्रद्धा का संतुलन बनाए रखने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
