नवरात्रि स्पेशल: : भक्ति, फैशन और हेल्थ का ट्रेंडिंग कनेक्शन

Navratri Special |
“या देवी सर्वभूतेषु, शक्तिरूपेण संस्थिता…
नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नमः।”
मां शक्ति को समर्पित ये पंक्तियां सिर्फ एक मंत्र नहीं, बल्कि उस दिव्य शक्ति का स्मरण हैं, जो हर जीव में किसी न किसी रूप में विद्यमान है।
नवरात्रि… वो नौ पावन दिन, जब हर ओर मां दुर्गा की भक्ति, आराधना और शक्ति का रंग नजर आता है। घरों में घटस्थापना से लेकर मंदिरों में पूजा तक और गरबा की रौनक से लेकर व्रत-उपवास तक, नवरात्रि का हर रंग अपने आप में खास है।
लेकिन इस बार नवरात्रि सिर्फ भक्ति तक सीमित नहीं है। इस बार चर्चा है फैशन, गरबा ट्रेंड्स और हेल्थ-कॉन्शियस फलाहार की भी।
तो आइए जानते हैं मां के नौ स्वरूपों से जुड़ी खास मान्यताओं से लेकर इस बार के गरबा फैशन और डाइट फलाहार थाली तक, नवरात्रि से जुड़ी हर खास और जरूरी बात।

इस बार हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा
सबसे पहले बात मां दुर्गा के आगमन की।
इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आ रही हैं। धार्मिक मान्यताओं में हाथी को समृद्धि, स्थिरता और अच्छी वर्षा का प्रतीक माना जाता है।
यानी मां का आगमन अपने साथ शुभता और खुशहाली का संदेश लेकर आ रहा है।
गरबा फ्लोर पर इस बार क्या रहेगा ट्रेंडिंग?
नवरात्रि आते ही महिलाओं के बीच गरबा आउटफिट्स को लेकर क्रेज अलग ही लेवल पर पहुंच जाता है।
लेकिन सवाल है, इस बार नया क्या है?
मिरर वर्क, बोल्ड कलर्स, बांधणी प्रिंट, फ्यूजन चनिया-चोली और ट्रेडिशनल लुक में मॉडर्न ट्विस्ट इस बार फैशन में नजर आ रहे हैं।

अगर आप Gen-Z और ट्रेडिशनल का परफेक्ट कॉम्बिनेशन चाहती हैं, तो कॉर्सेट ब्लाउज के साथ मिरर-वर्क या बांधणी घाघरा और ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी आपके लुक को एकदम अलग बना सकती है।
यानी गरबा फ्लोर पर सिर्फ आपके डांस मूव्स नहीं, आपका आउटफिट भी पूरी लाइमलाइट बटोरने वाला है।
DIY ज्वेलरी से मिलेगा लुक को यूनिक ट्विस्ट
फैशन की बात हो और एक्सेसरीज पीछे रह जाएं, ऐसा कैसे हो सकता है?
इस बार महिलाएं रेडीमेड ज्वेलरी के साथ-साथ DIY ज्वेलरी में भी खूब एक्सपेरिमेंट कर रही हैं।
फूलों वाली DIY ज्वेलरी, ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, मिरर और बीड्स वाले DIY डांडिया सेट, पोम-पोम और टैसल वाले डांडिया और मल्टीकलर थ्रेड्स से तैयार एक्सेसरीज आपके गरबा लुक को दे सकती हैं एकदम यूनिक टच।

यानी इस बार फंडा साफ है, थोड़ा ट्रेडिशनल, थोड़ा क्रिएटिव और पूरा स्टाइलिश।
फास्टिंग में भी हेल्थ का रखना है ध्यान?
फैशन और गरबा के साथ एक और चीज को लेकर महिलाओं में काफी कॉन्शियसनेस देखने को मिल रही है, फास्टिंग और डाइट।
तो सवाल है, फास्ट है तो फूड बोरिंग क्यों?

अगर आप नवरात्रि में व्रत के साथ अपनी डाइट भी बैलेंस रखना चाहती हैं, तो डाइट फलाहार थाली एक विकल्प हो सकती है।
इसमें फोकस रखें प्रोटीन, फाइबर, फल-सब्जियां, सीमित कार्बोहाइड्रेट और कम तेल पर।

डाइट फलाहार थाली में क्या-क्या रखें?
अपनी फलाहार थाली में आप दही या ग्रीक योगर्ट, थोड़ी मात्रा में पनीर, हल्का भुना हुआ मखाना, खीरा-टमाटर-नींबू का सलाद और एक कटोरी फल रख सकती हैं।
फल में पपीता, सेब या अमरूद जैसे विकल्प लिए जा सकते हैं।
इसके साथ 4 से 5 बादाम और 2 अखरोट, उबली या हल्की भुनी शकरकंद और जरूरत के अनुसार कुट्टू या राजगीरे की रोटी या चीला लिया जा सकता है।
हाइड्रेशन के लिए नारियल पानी भी शामिल किया जा सकता है।

फलाहार में इन चीजों से बनाएं दूरी
व्रत में सिर्फ फलाहार खाना ही काफी नहीं है, बल्कि क्या और कितना खा रहे हैं, यह भी जरूरी है।
बहुत ज्यादा तला हुआ साबूदाना वड़ा, फ्राइड आलू, आलू के चिप्स, ज्यादा घी-तेल, जरूरत से ज्यादा साबूदाना खिचड़ी, पैकेज्ड व्रत नमकीन और ज्यादा चीनी वाली मिठाइयों को सीमित करना बेहतर है।
बार-बार जूस पीने की जगह पूरा फल लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।
और हां, कुट्टू या सिंघाड़े की पूरी को भी जरूरत से ज्यादा खाने से बचें।
व्रत का खाना हमेशा लो-कैलोरी नहीं होता
सबसे जरूरी बात, सिर्फ व्रत का खाना होने से कोई चीज अपने आप लो-कैलोरी नहीं हो जाती।
इसलिए फलाहार में भी पोर्शन कंट्रोल का ध्यान रखें।
अगर किसी को डायबिटीज, किडनी से जुड़ी समस्या, गर्भावस्था या कोई अन्य मेडिकल कंडीशन है, तो उपवास के दौरान डाइट तय करने से पहले डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लेना बेहतर है।
इस नवरात्रि भक्ति भी, फैशन भी और हेल्थ भी
तो इस बार नवरात्रि में मां की भक्ति के साथ गरबा का ग्लैमर, ट्रेंडिंग फैशन और हेल्थ-कॉन्शियस फलाहार भी चर्चा में है।

यानी इस नवरात्रि का फॉर्मूला है, भक्ति भी, स्टाइल भी और हेल्थ का फुल बैलेंस भी।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
