रायसेन : भोपाल रोड पर पुल के नीचे मिला किसान का शव, सिर में गंभीर चोट; जांच में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में भोपाल रोड पर खरबई के पास एक किसान का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय तीरथ सिंह आदिवासी के रूप में हुई है, जो हिरणखेड़ा गांव के निवासी थे। उनका शव जाखा और खरबई के बीच स्टेट हाईवे पर बने पुल के नीचे मिला। उनके सिर में गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि पुल से नीचे गिरने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
राहगीरों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, भोपाल रोड पर जाखा और खरबई के बीच बने पुल से गुजर रहे लोगों ने नीचे पत्थर पर एक व्यक्ति को सिर के बल पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुल के नीचे उतरकर शव को बाहर निकाला।
संडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा के मुताबिक, पुलिस ने आसपास के गांवों में सूचना देकर मृतक की पहचान कराने की कोशिश की। इसके बाद मृतक की पहचान तीरथ सिंह (45), पिता मूलचंद आदिवासी, निवासी हिरणखेड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना दी।
करीब 30 फीट ऊंचे पुल से गिरने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस पुल के नीचे किसान का शव मिला, उसकी ऊंचाई करीब 30 फीट है। मृतक के सिर में गंभीर चोट होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि पुल से नीचे गिरने के चलते उनकी जान गई होगी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि किसान पुल से दुर्घटनावश गिरे थे या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दो एकड़ जमीन के मालिक थे तीरथ सिंह
तीरथ सिंह एक छोटे किसान थे और उनके पास करीब दो एकड़ कृषि भूमि थी। परिवार में उनका एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही किसान की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
