भोपाल नाबालिग दुष्कर्म मामला : पुलिस ने हैवान को महज 6 घंटे में दबोचा, जंगल में वारदात को दिया था अंजाम, आरोपी की तलाश में जुटी थी कईं टीमें

भोपाल। राजधानी भोपाल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस ने वारदात के महज 6 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी की पहचान 37 वर्षीय राजू रावत के रूप में हुई है। मामला सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आमोनी रोड के पास जंगल में वारदात का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आमोनी रोड के पास जंगल क्षेत्र में नाबालिग के साथ वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय कर दीं। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई।
घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी। आरोपी के फरार होने की जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
