सेवा संकल्प अभियान : सीएम मोहन का ऐलान- एक महीने तक गांव-शहर में होंगे जनभागीदारी के भव्य आयोजन, ‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएंगे प्रमुख स्थल

भोपाल। मप्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन पर मध्यप्रदेश में में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि इस अभियान में सेवा-स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, हितग्राही कल्याण, युवा नवाचार और जनता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के जरिए नागरिकों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से भी जोड़ा जाएगा
सेवा से लेकर स्वच्छता तक होंगे आयोजन
सीएम ने कहा कि अभियान में केवल सरकारी कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर रहेगा। जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, युवा, महिलाएं, स्व-सहायता समूह, वरिष्ठ नागरिक और सामाजिक-आध्यात्मिक संगठन भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी की सहभागिता से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएंगे प्रमुख स्थल
‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की अद्यतन एवं प्रमाणित सूची तैयार की जाएगी। चिन्हित क्षेत्रों में परिवारों की सहभागिता से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे। उज्जैन के श्री महाकाल लोक और निवाड़ी के श्री रामराजा लोक, ओरछा में भव्य दीपोत्सव आयोजित किए जाएंगे।
बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए खास कार्यक्रम
‘सेवा चित्र’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में माताओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ में विद्यार्थी, युवा, स्टार्टअप और प्रोफेशनल्स अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे।
25 सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, महिला स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, अंगदान संकल्प, शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों की डिजिटल साक्षरता और दिव्यांगजन सहयोग समेत 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
‘सरकार आपके द्वार’ से मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। अधिकारी पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं के आवेदन, दस्तावेज और लाभ लेने की प्रक्रिया में मदद करेंगे। प्राप्त आवेदनों के निराकरण की अलग से निगरानी की जाएगी।
हर गतिविधि का होगा रिकॉर्ड
अभियान की जिलेवार और गतिविधिवार मॉनिटरिंग के लिए सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अलग मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रमों की संख्या के साथ वास्तविक परिणाम, फोटो-वीडियो, लाभान्वित हितग्राही और जरूरत के अनुसार पहले और बाद के साक्ष्य भी दर्ज किए जाएंगे। कलेक्टर नियमित समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार अभियान का लक्ष्य ‘सेवा को उत्सव, सहभागिता को संकल्प और संकल्प को जनआंदोलन’ में बदलना है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और प्रदेशवासी विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ें।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
