पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतर्राज्यीय गिरोह : बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई के तहत पुलिस ने गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उड़ीसा से बिलासपुर आकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से शहर में ठहरते थे और महिलाओं को अकेला देखकर चैन स्नैचिंग एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह काफी सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था, जिससे पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई थी।
जांच के दौरान थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग और लूट की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं, ताकि उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने जिले या प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और इस तरह के अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
