सोमवार, 22 जून 202609:16:21 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : कोंडागांव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 22, 2026
09:33 AM
कोंडागांव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन, नवप्रवेशी बच्चों का हुआ भव्य स्वागत

कोंडागांव। जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला कोदोभाट में संकुल परिवार के सहयोग एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की उपस्थिति में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत कर उन्हें विद्यालयीन शिक्षा से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृति नाग सिन्हा, सरपंच ग्राम पंचायत कोदोभाट ने की। वहीं ओमशिल नाग, जनपद सदस्य केशकाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महेश्वरी हिड़को, सरपंच ग्राम पंचायत बटराली ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता निभाई। इसके अलावा पूर्व जनपद सदस्य सतीश नाग सहित संकुल परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में पूर्व जनपद सदस्य सतीश नाग ने कहा कि विद्यालय केवल चार दीवारों वाला कमरा नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला ज्ञान का मंदिर है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों को नए मित्र, नई किताबें और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं मिलते हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा को जीवन की सफलता का आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। साथ ही बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण कर उनके शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सरपंच कृति नाग सिन्हा ने शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में संकुल समन्वयक ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों में शिक्षा के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश देखने को मिला।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें