सोमवार, 22 जून 202609:16:22 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

कांकेर : 'उजियारा अभियान' के तहत अंतागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 10 लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब व कार जब्त

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 22, 2026
09:51 AM
'उजियारा अभियान' के तहत अंतागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 10 लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब व कार जब्त

रिपोर्ट : मनीष कुमार सिन्हा

कांकेर। जिले के अंतागढ़ थाना पुलिस ने “उजियारा अभियान” के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब और एक चारपहिया वाहन जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर 20 जून 2026 को ग्राम कढ़ाई-खोदरा में एमसीपी (मोटर चेकिंग प्वाइंट) लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान सफेद रंग की ऑर्टिगा कार क्रमांक CG 07 CZ 3590 को रोककर तलाशी ली गई।

जांच के दौरान वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित 40 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन चालक महेश सेन (28 वर्ष), निवासी सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कुल 1970 नग गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार 950 रुपये है। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त ऑर्टिगा कार, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है, भी जब्त कर ली गई। कुल जब्ती का मूल्य 10 लाख रुपये से अधिक बताया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने शराब को मध्यप्रदेश के अनूपपुर से लाना स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है तथा उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी, एनडीपीएस तथा अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की खेप कहां खपाई जानी थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें